रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
सगे भाइयों में रामउदगार, रामपुकार व शशि मिश्रा की गिरफ्तारी हुई है और साथ ही मोटरसाइकिल व लाखों की संपत्ति भी हुई जब्त
मधुबनी जिले के घोघरडीहा थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ मधुबनी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में बसुआरी गांव के सगे भाइयों रामउदगार यादव और रामपुकार यादव तथा मुजफ्फरपुर के शशि मिश्रा को 57.19 किलोग्राम गांजा के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बरामद समानो में 01 लाख 69 हजार 800 रुपए नकद, चांदी की हसुली (290 ग्राम), तीन चेन (177 ग्राम), तीन अंगूठियां (3.870 ग्राम + 7.750 ग्राम पितल), सोने का नथिया (0.250 ग्राम), तीन पीस मंगलसूत्र (19.980 ग्राम), एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल, एक पर्स, एटीएम कार्ड और आधार कार्ड शामिल हैं। बेनीपट्टी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार और घोघरडीहा थानाध्यक्ष शुभम कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 14 फरवरी को बसुआरी चौक पर रामउदगार यादव के घर पर छापा मारा है। घर से भागने रहे दो व्यक्तियों को पकड़ लिया गया जो खुद को सगे भाई बताए। घर के अंदर संदिग्ध अवस्था में मिले शशि मिश्रा के पास से 39,700 रुपए बरामद हुए। पूछताछ में अभियुक्तों ने कबूल किया कि वे नेपाल से ‘राजन’ नामके व्यक्ति के माध्यम से बबिता साह की मदद से लौकही बॉर्डर होते हुए उक्त गांजा का खेप लाए थे। उन्होंने बताया कि बिहार के अन्य जिलों में भी वे गांजा का क्रय – विक्रय करते हैं और इस धंधे में चार-पांच अन्य व्यक्ति लिप्त हैं। मामले को लेकर घोघरडीहा थाना में कांड संख्या 20/26, धारा 8/20(b)(ii)(c) एनडीपीएस एक्ट 1985 के अंतर्गत मामला दर्ज कर अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक योगेन्द्र कुमार ने इस कार्रवाई को मादक पदार्थ तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में तस्करी रोकने के लिए पुलिस सक्रिय है, और जनता से ऐसी सूचनाएं साझा करने की अपील की गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि इससे युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ेगी।




