बराबर पहाड़’ क्षेत्र को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का प्रयास तेज, डीएम ने किया निरिक्षण!

SHARE:

पंकज कुमार जहानाबाद।

ऐतिहासिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण ‘बराबर पहाड़’ क्षेत्र को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की कड़ी में आज जिलाधिकारी जहानाबाद अलंकृता पाण्डेय के द्वारा निर्माणाधीन रोपवे परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गुणवत्ता और समय सीमा: जिलाधिकारी ने बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के कार्यपालक अभियंता को स्पष्ट निर्देश दिया कि रोपवे निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने परियोजना को जल्द से जल्द पूर्ण करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यपालक अभियंता (विद्युत विभाग) को रोपवे संचालन के लिए आवश्यक बिजली बुनियादी ढांचे और संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया गया।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा: निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चल रहे कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बराबर पहाड़ का ऐतिहासिक महत्व है और रोपवे के शुरू होने से यहाँ आने वाले पर्यटकों, विशेषकर बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को काफी सुविधा होगी।
जिलाधिकारी ने अंत में सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया ताकि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जल्द से जल्द आम जनता और पर्यटकों के लिए समर्पित किया जा सके।

Join us on: