उत्तरी बिहार उद्यान समिति, दरभंगा के तत्वावधान में 33वीं पुष्प प्रदर्शनी सह आनंद मेला का आयोजन!

SHARE:

दरभंगा संवाददाता:- लक्ष्मण कुमार!

उत्तरी बिहार उद्यान समिति, दरभंगा के तत्वावधान में 33वीं पुष्प प्रदर्शनी सह आनंद मेला का आयोजन 31 दिसंबर 2025 एवं 1 जनवरी 2026 को लक्ष्मेश्वर पब्लिक लाइब्रेरी, प्रधान पोस्ट ऑफिस, लालबाग, दरभंगा के सामने किया जाएगा। इस संबंध में मंगलवार 23 दिसंबर को शहर के एक स्थानीय होटल में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि यह आयोजन बच्चों, परिवारों एवं आमजन को इको-फ्रेंडली जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देता है। संस्था का मानना है कि बागवानी के माध्यम से समाज में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संरक्षण की भावना को सशक्त किया जा सकता है।
संस्था की अध्यक्षा डॉ. लता खेतान ने जानकारी दी कि 28 और 29 दिसंबर को लक्ष्मेश्वर पब्लिक लाइब्रेरी परिसर में पौधों का संकलन किया जाएगा। 28 दिसंबर को बड़े पौधे तथा 29 दिसंबर को सभी प्रकार के पौधे स्वीकार किए जाएंगे। वहीं 30 दिसंबर को दोपहर 1 बजे तक कट फ्लावर, माला, टेबल डेकोरेशन, बुके एवं अन्य प्रदर्शनी सामग्री ली जाएगी। उसी दिन दोपहर 2 बजे से दिल्ली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, पूसा एवं दरभंगा से आए देश के प्रतिष्ठित कृषि वैज्ञानिकों द्वारा विभिन्न श्रेणियों में जजमेंट कर विजेताओं का चयन किया जाएगा।
महासचिव राघवेन्द्र कुमार ने बताया कि 30 दिसंबर को सुबह 9:30 बजे बच्चों द्वारा पर्यावरण संरक्षण जागरूकता रैली निकाली जाएगी, जिसके बाद स्कूली बच्चों के बीच पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित होगी। 31 दिसंबर को प्रातः पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के साथ विजेताओं की घोषणा की जाएगी। उसी दिन सुबह 10:30 बजे विशिष्ट अतिथियों द्वारा उद्घाटन के बाद पुष्प प्रदर्शनी सह आनंद मेला आमजन के लिए खोल दिया जाएगा। 1 जनवरी 2026 को यह प्रदर्शनी सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक खुली रहेगी।
प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि 1992 से लगातार आयोजित हो रही यह प्रदर्शनी लोगों को पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति प्रेम और हरियाली बढ़ाने के लिए प्रेरित करती रही है। संयोजिका डॉ. मिनी प्रियदर्शिनी ने बताया कि बच्चों के लिए फ्लावर अरेंजमेंट, टू मिनट्स टॉक ऑन अनहेल्दी फूड्स, फ्लेमलेस एवं फायरलेस कुकिंग, ट्रे गार्डनिंग तथा बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट जैसी प्रतियोगिताएं इस वर्ष की विशेष आकर्षण होंगी।
मनोज डोकानियां एवं नीरज खेरिया द्वारा स्टॉल व्यवस्था एवं बच्चों के मनोरंजन की सभी व्यवस्थाएं संभाली जा रही हैं। प्रेस वार्ता को डॉ. रामबाबू खेतान, विनोद कुमार पंसारी, विनोद कुमार सरावगी, अजय पासवान, अरुण सर्राफ, तरुण मिश्रा, मनोज डोकानिया, राजकुमार पासवान सहित कई सदस्यों ने संबोधित किया।

Join us on: