रिपोर्ट:प्रीतम सुमन
![](https://shankhnad.in/wp-content/uploads/2020/12/IMG-20201212-WA0009.jpg)
भविष्य में यह क्षेत्र पर्यटक स्थल के रूप में विकसित होगा: नीतीश
मुख्यमंत्री के आगमन से भदरिया सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर!
अमरपुर थाना क्षेत्र के भदरिया गांव स्थित चांदन नदी के तट पर मिले पुराने भवनों के अवशेषों का अवलोकन करने शनिवार को बिहार के मुख्यमंत्री नितिश कुमार हेलीकॉप्टर से भदरिया गांव पहुंचे। मुख्यमंत्री के साथ खनन विभाग के मंत्री विजय कुमार चौधरी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री को हैलीपेड के समीप पुलिस बलों के द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मुख्यमंत्री ने चांदन नदी तट पर मिले अवशेषों का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान मिले स्थलों की प्रदर्शनी का भी उन्होंने निरीक्षण किया। मौके पर मुख्यमंत्री ने बताया कि समाचार पत्रों के माध्यम से भदरिया गांव के चांदन नदी तट पर मिले पुराने भवनों के अवशेषों के संबंध में जानकारी मिली थी। बाद में अमरपुर के विधायक जयंत राज कुशवाहा ने फोन के द्वारा विस्तार से जानकारी दिया। जानकारी मिलने पर पटना पुरातत्व विभाग को मिले अवशेषों का निरिक्षण करने का निर्देश दिया गया था। पुरातत्व विभाग के द्वारा जानकारी मिली कि चांदन नदी में मिले अवशेष 2600 वर्ष पुराना है। दूसरी तरफ इतिहास कारों के द्वारा भदरिया गांव में भगवान बुद्ध के ठहरने का जिक्र भी किया गया है। आज बिहार वासियों के लिए बड़े सौभाग्य की बात है कि बिहार में कई जगह पुराने अवशेष मिलते रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि चांदन नदी के पानी की धार को पूरब की तरफ मोड़ा जायेगा, ताकि नदी की खुदाई कराई जा सके। उन्होंने बताया कि भविष्य में यह क्षेत्र पर्यटक स्थल के रूप में विकसित होगा। इस अवसर पर अमरपुर विधान सभा क्षेत्र के पूर्व विधायक जनार्दन मांझी, पूर्व मंत्री सह बांका विधायक रामनारायण मंडल, बेलहर विधायक मनोज यादव, अमरपुर के वर्तमान विधायक जयंत राज कुशवाहा, सुलतानगंज विधायक ललित मंडल, जदयू के जिला महासचिव सह प्रवक्ता मनीष कुमार झा, प्रखंड अध्यक्ष विमल कुमार सिंह समेत बांका जिला व भागलपुर जिला के वरिय पदाधिकारी गण उपस्थित थे।
फोटो :निरिक्षण करते मुख्यमंत्री व मौजूद अधिकारी गण