रिपोर्ट अनमोल कुमार
गया। अखिल भारतीय नारी न्याय संविधान सम्मेलन के तहत गया पहुंची कांग्रेस के महिला सेल की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लाम्बा, कहा बिहार की सत्ता करवट लेने वाली है सीज फायर पर पीएम मोदी को घेरा, भाजपा के तिरंगा यात्रा को चुनावी यात्रा बताया
गया। देश में सीज फायर हो गया। अजीब बात है कि सीज फायर न देश को पता, ना विपक्ष को पता न सेना को पता और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्वीट कर देते हैं कि भारत पाकिस्तान के बीच सीज फायर करवा दिया है। उक्त बातें बुधवार को गया शहर के बैरागी डाक स्थान के समीप आयोजित कांग्रेस की महिला न्याय संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने कही। उन्होंने कहा कि हाल ही में भारत द्वारा पाकिस्तान के विरुद्ध की गई सैन्य कार्रवाई का नेतृत्व करने वाली देश की जांबाज बेटी कर्नल सोफिया कुरैशी पर भी मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार के मंत्री विजय शाह द्वारा जो बयान दिया गया है। वह भाजपा की मानसिकता को दर्शाता है। कहा कि इस मामले में उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर विजय शाह पर कार्रवाई की भी मांग की थी। बावजूद विजय शाह के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई। वह तो हमारी न्यायपालिका ने इस मामले में त्वरित हस्तक्षेप करते हुए पुलिस को विजय शाह के विरुद्ध कार्रवाई का आदेश दिया है। इसी प्रकार अंतर्राष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी विनेश फौगाट मामले में तत्कालीन भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के विरुद्ध भी भाजपा द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।
कांग्रेस लड़ रही लोगों के हक की लड़ाई
अलका लांबा ने कहा कि आज बिहार बदलाव चाहता है। बिहार में लोग गरीबी, बेरोजगारी और असुरक्षा के बीच जीने को विवश हैं। यहां अच्छी दवा और इलाज का घोर अभाव है। यदि आसन्न विधानसभा चुनाव में बिहार में महागठबंधन की सरकार बनती है। तो बहनों के कर्ज जो उन्होंने आजीविका, परिवार के भरण-पोषण या अपने सर पर छत के निर्माण के लिए लिया है। को सरकार माफ करने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में गरीबों के हक की लड़ाई लड़ रही है।
आबादी के अनुसार मिलेगा हक
कहा कि कांग्रेस के लगातार आंदोलन का ही फल है कि आज केंद्र सरकार द्वारा देश में जातीय जनगणना कराने की घोषणा की गई है। लेकिन, जब तक जातीय जनगणना हो नहीं जाती है। तब तक हमें सजग रहना होगा ताकि इस घोषणा को पूरा कराया जा सके। केंद्र में महागठबंधन की सरकार आने पर लोगों को आबादी के अनुसार हक प्रदान किया जाएगा। इतना ही नहीं निजी नौकरियों में भी आरक्षण की व्यवस्था की जाएगी।
नारी शक्ति जन्मदाता : मोहन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गया नगर विस क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी डॉ. अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि नारी शक्ति का स्वरुप है। नारियों के उत्थान के बिना किसी भी समाज की कल्पना नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी आधी आबादी को उनका अधिकार देने के लिए कृत संकल्पित है।
ये थे उपस्थित
कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की बिहार प्रभारी प्रीति उपाध्याय, गया नगर निगम के महापौर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, गया नगर विस क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, डिप्टी मेयर चिंता देवी, रेखा हिरण, मनीषा श्रीवास्तव, रजनीश कुमार झून्ना, गया के प्रभारी अभिषेक राज कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष कुशवाहा, सैफुल इस्लाम, पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रिका यादव, जिला पार्षद पिंकी कुमारी, कुमार ओंकारशक्ति, गीता पासवान, गायत्री पासवान, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष लाछो देवी, सुनैना रानी अंजनी ,मदीना खातून, नवीन कुमार सहित सैंकड़ों की संख्या में महिला एवं पुरुष उपस्थित थे।




