रिपोर्टर — राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के बासोपट्टी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत गौसनगर गांव में जीविका महिला ग्राम संगठन द्वारा एक महत्वपूर्ण ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस संवाद में जीविका की सदस्य महिलाओं के साथ-साथ गांव की अन्य महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। जहां
कार्यक्रम के दौरान, महिलाओं ने अपने जीवन में आए महत्वपूर्ण परिवर्तनों पर खुलकर चर्चा की। उन्होंने बताया कि किस प्रकार सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाकर वे अपने परिवारों को सशक्त और मजबूत बनाने में सफल रही हैं।
महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि बिहार सरकार ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में कई सराहनीय कार्य किए हैं। इसी का परिणाम है कि पहले घरों की सीमाओं में रहने वाली महिलाएं अब सभी बंधनों को तोड़कर विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं।
इसके अतिरिक्त, महिलाओं ने अपने गांव के आधारभूत ढांचे के विकास को लेकर भी अपनी इच्छाएं व्यक्त कीं। उन्होंने विशेष रूप से तालाब के सौंदर्यीकरण का सुझाव दिया, जहां गांव की सभी महिलाएं मिलकर अपने पर्व त्योहारों के समय उत्सव मनाती हैं। साथ ही, उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित सुधारों के संबंध में भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
गौरतलब हो कि बिहार में नई योजनाओं की रूपरेखा और नीति निर्माण की प्रक्रिया में महिलाओं से संवाद स्थापित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण की दिशा में बिहार को एक नई पहचान दिलाना है।