रिपोर्ट- अमित कुमार!
प्रधानमंत्री मोदी जी ने बिहार के लिए खोला खजाना, ऐतिहासिक और बिहार को समर्पित है आम बजट 2025-26 – शाहनवाज
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने आम बजट 2025-26 को “बिहार के लिए ऐतिहासिक और समर्पित बजट” करार देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी बिहार और बिहारवासियों से विशेष प्रेम करते हैं, यही कारण है कि इस बार के बजट में बिहार के लिए सौगातों की बारिश हुई है।
बजट में बिहार के लिए विशेष प्रावधान:
✔ मखाना किसानों को लाभ: मखाना उत्पादन, प्रोसेसिंग और मार्केटिंग के लिए मखाना बोर्ड का गठन।
✔ एयरपोर्ट विस्तार: पटना और बिहटा एयरपोर्ट के विस्तार के साथ भागलपुर, सोनपुर और राजगीर में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का ऐलान।
✔ कृषि क्षेत्र को बढ़ावा: पश्चिमी कोसी नहर परियोजना के लिए वित्तीय सहायता, जिससे 50,000 हेक्टेयर में खेती को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
✔ खाद्य प्रौद्योगिकी संस्थान: बिहार में राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमिता और प्रबंधन संस्थान (NIFTEM) की स्थापना, जिससे खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।
✔ IIT बिहटा का विस्तार: तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए IIT बिहटा के इन्फ्रास्ट्रक्चर के विस्तार की घोषणा।
मध्यम वर्ग, किसानों और युवाओं के लिए बड़ी राहत:
✔ 12 लाख रुपये तक की इनकम टैक्स छूट, जिससे मध्यम वर्ग को राहत मिलेगी।
✔ किसान क्रेडिट कार्ड की लिमिट 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपये करने का निर्णय।
✔ MSME सेक्टर को बढ़ावा, जिससे रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।
बिहार के सम्मान को बढ़ाया वित्त मंत्री ने
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बिहार की पद्मश्री कलाकार दुलारी देवी द्वारा दी गई मिथिला पेंटिंग वाली साड़ी पहनकर बजट पेश किया, जो बिहार और उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान दर्शाता है।
“बिहार के लिए ऐतिहासिक बजट” – शाहनवाज हुसैन
उन्होंने कहा कि यह बजट “विकसित भारत” के साथ-साथ “विकसित बिहार” का भी रोडमैप प्रस्तुत करता है। बिहार के किसानों, युवाओं, महिलाओं, उद्यमियों और कारोबारियों के लिए यह बजट नई उम्मीदें और अवसर लेकर आया है।
उन्होंने बिहार के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के विशेष लगाव के लिए उन्हें धन्यवाद दिया और कहा कि यह बजट बिहार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक होगा।




