रिपोर्टर — राजीव कुमार झा!
– दुर्गीपट्टी में मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा की तैयारियां जोरों पर, मधुबनी एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, मिथिला पेंटिंग से सजी दीवारें
मधुबनी जिले के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आगामी 12 जनवरी को प्रगति यात्रा के तहत जिले के खुटौना प्रखंड के दुर्गीपट्टी में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस यात्रा का उद्देश्य ग्रामीण समस्याओं को समझना और विकास योजनाओं की समीक्षा करना है। यात्रा को लेकर गांव में दिन – रात विशेष सजावट की जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री के गांव के दौरे को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह है और उन्हें समस्याओं के समाधान की भी उम्मीद है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
विद्यालय की दीवारों पर बनाई जा रही है मधुबनी पेंटिंग, तालाब और बगीचों को संवारा जा रहा।
राज्य पुरस्कार प्राप्त मिथिला पेंटिंग कलाकार लक्ष्मी देवी ने बताया कि दुर्गीपट्टी के उच्च विद्यालय की दीवारों पर जनक नंदनी मिथिला आर्ट के कलाकारों द्वारा बनाई गई आकर्षक मिथिला पेंटिंग स्थानीय संस्कृति की छटा बिखेर रही हैं। इन पेंटिंग्स में महात्मा बुद्ध, मिथिला की परंपराएं, त्योहार, और सामाजिक जीवन के सुंदर दृश्य उकेरे गए हैं। गांव के चौक-चौराहों की सफाई और रंगाई-पुताई तेज गति से हो रही है। मनरेगा योजना के तहत अमृत सरोवर के तटों को सुंदर पार्क में परिवर्तित किया गया है, जिसे फूल-पौधों से सजाया जा रहा है। इसके अलावा, जीविका दीदियों द्वारा लगने वाली प्रदर्शनी में स्थानीय उत्पाद जैसे सिक्की आर्ट, जूट बैग, अचार, और रंगोलियां प्रस्तुत की जाएंगी।
विकास योजनाओं की होगी समीक्षा। किए गए हैं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम।
मुख्यमंत्री के प्रगति दौरे के दौरान जल – जीवन – हरियाली अभियान, सड़क निर्माण, और अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। साथ ही, स्थानीय कलाकारों और महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों को अपनी उपलब्धियों को प्रदर्शित करने का भी अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। मधुबनी एसपी योगेन्द्र कुमार ने भी गांव का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। स्थानीय प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी तरह जुटे हुए हैं।
ग्रामीणों में उत्साह, समस्याओं के समाधान की उम्मीद।
दुर्गीपट्टी गांव के मुखिया उमेश दास मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के कार्यकाल में काफी विकास हुआ है। वे हमारे हैं आयेंगे, हम उनका अपने गांव में अभिनंदन करते हैं। स्थानीय निवासी रेखा देवी ने कहा, “यह हमारे गांव के लिए गर्व की बात है। हमें उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के दौरे से हमारे गांव को नई दिशा और विकास मिलेगा।” मधुबनी जदयू के अतिपिछड़ा महासचिव और पंचायत प्रतिनिधि उमेश कुमार मंडल के कहा कि मुख्यमंत्री के आगामी दौड़े को लेकर दिन रात स्वागत की तैयारी चल रही है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री की यात्रा न केवल विकास कार्यों को गति देगी, बल्कि उनकी समस्याओं का समाधान भी सुनिश्चित करेगी।
बाइट: लक्ष्मी देवी,राज्य पुरस्कार प्राप्त मिथिला पेंटिंग कलाकार
बाइट: उमेश दास, मुखिया दुर्गीपट्टी गांव
बाइट: उमेश कुमार मंडल, मधुबनी जदयू अतिपिछड़ा महासचिव और पंचायत प्रतिनिधि
बाइट: अब्दुल क्यूब, ग्रामीण
बाइट: कुशेश्वर मंडल, ग्रामीण




