नवादा से अनिल शर्मा की रिपोर्ट

नवादा। जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के रानीबाजार गांव स्थित पावर सब स्टेशन के बगल में वन विभाग के नर्सरी के पास मिट्टी का धासन अचानक गिर जाने से दबकर दो महिला की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों महिला की पहचान कौआकोल पंचायत के बरियारपुर गांव निवासी यदु यादव की लगभग 35 वर्षीय पत्नी मीणा देवी एवं रामबृक्ष यादव की 40 वर्षीय पत्नी लालो देवी के रुप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों महिला अपने गांव से घर की लिपाई के लिए मिट्टी लाने बधार में गई थी, जहां मिट्टी खोदने के समय अचानक मिट्टी का धासन गिर गया और दोनों महिला की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही आस-पास गांव के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई एवं माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। इधर सूचना के बाद कौआकोल पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद शव को मलवे से निकालकर अपने कब्जे कर पोस्टमार्टम के लिए नवादा भेज दिया। इधर बीडीओ संजीव कुमार झा ने घटना पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि मृतक के आश्रित को मुख्यमंत्री पारिवारिक लाभ योजना के तहत बीस-बीस हजार रुपये का चेक दिया जा रहा है। अंचल अधिकारी से बात कर आपदा योजना के तहत हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।




