रिपोर्ट :- संतोष तिवारी!
लोकेशन: मुजफ्फरपुर(बिहार)।
मुजफ्फरपुर: बन्दरा के सकरी मन गांव में दुर्गा प्रतिमा विर्सजन जुलूस में मारपीट,पुलिस टीम पर हमला,गाड़ी को किया क्षतिग्रस्त
मुजफ्फरपुर जिले के हत्था ओपी क्षेत्र के सकरी मन गांव में बुधवार की शाम महादेव स्थान की दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस में मारपीट की घटना हुई है। इस दौरान मारपीट एवं तनाव की सूचना के बाद हत्था ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची,तब पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया गया।हमले में महिलाएं भी शामिल थी। हत्था ओपी की पुलिस गाड़ी को भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया।हमलावरों के तेवर को देखते हुए पुलिस बलों को पीछे हटना पड़ा,फिर बाद में अतिरिक्त पुलिस बलों की टीम पहुंची तथा उपद्रवियों को खदेड़ा।हत्था ओपी के पुलिस के द्वारा घटना में शामिल महिला सहित दो लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना मिली है,हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की जा सकी है। ग्रामीण सूत्रों का बताना है कि विसर्जन जुलूस में शामिल युवक आपस में ही किसी बात को लेकर उलझ गए और मारपीट करने लगे।अनियंत्रित स्थिति को देखते हुए पूजा समिति के किसी कार्यकर्ता के द्वारा घटनाक्रम की सूचना हत्था ओपी की पुलिस को दी गयी। हत्था ओपी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और विसर्जन में शामिल डीजे मशीन आदि को जब्त कर लिया गया। इस पर विसर्जन में शामिल उपद्रवी नाराज हो गए और पुलिस बलों पर हमला कर दिया गया। पुलिस की गाड़ी को भी लाठी-डंडे आदि से तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया।इस दौरान पुलिसकर्मियों पर भी पत्थर आदि फेंकने की चर्चा है। हत्था ओपी के अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि विसर्जन जुलूस में शामिल उपद्रवियों द्वारा पुलिस की गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। पुलिस बलों से भी तीखी झड़प आदि की घटना हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस आवश्यक कार्रवाई में लगी है।उपद्रवियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।




