अनिल शर्मा की रिपोर्ट:

प्रेम- प्रसंग को लेकर डिप्रेशन में था युवक, फांसी लगाकर कर ली आत्महत्या:रूम पार्टनर
नवादा : रजौली थाना क्षेत्र के अमावां मोड़ समीप फोरलेन निर्माण करने वाली गाबर कंस्ट्रक्शन कंपनी के एक कर्मी ने प्रेम प्रसंग के मामले में रविवार की सुबह फांसी लगा लिया।मृतक कर्मी की पहचान पंजाब के अमृतसर जिले के डोबोवाल थाना क्षेत्र के निवासी गुरुमुख सिंह के 25 वर्षीय पुत्र हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। मृतक के रूम पार्टनर उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के निवासी स्वर्ण सिंह के पुत्र सरबजीत सिंह ने बताया कि सहकर्मी गाबर कंस्ट्रक्शन कंपनी में मशीन ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था।विगत तीन वर्षों से गांव के ही एक लड़की से प्रेम करता था।

विगत दिनों लड़की के घरवालों को दोनों के रिश्ते की जानकारी हो गई।लड़की के मां-बाप ने लड़की से मोबइल छीन लिया।बात न होने पर हरप्रीत सिंह बहुत परेशान रहने लगा।बाद में लड़की ने फोन करके बताया कि मां-बाप द्वारा कहीं दूसरे जगह रिश्ता तय किया जा चुका है।जिससे आहत होकर बीते दो दिनों से खाना-पीना छोड़ दिया।लाख समझाने-बुझाने के बावजूद उसी लड़की के गम में डूबा रहता था।रविवार के सुबह बाथरूम से फ्रेश होकर कैंटीन में नाश्ता करने चले गए।

इसी दौरान लगभग 7 बजे युवक रूम में अकेले था। अकेलेपन का फायदा उठाकर उसने बन्द कमरे में लगे पंखे से खुद को फांसी लगा लिया।आवाज सुनने पर आसपास के सहकर्मी जुटे एवं कमरे के बाहर लगे कूलर को हटाकर कमरे में प्रवेश किये।उसको पंखे में लटका देखकर सहकर्मियों द्वारा उसे नीचे उतारा गया।कम्पनी के वाहन के सहयोग से अनुमण्डलीय अस्पताल लाया गया।अस्पताल में ड्यूटी में रहे डॉ राजीव रंजन ने वाहन पर ही जांच के दौरान मृत घोषित कर दिया।थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर दरबारी चौधरी ने बताया कि शव को पुलिस हिरासत में लेकर पोस्टमार्टम हेतु नावदा भेज दिया गया है।पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।जांचोपरांत उचित कानूनी कार्यवाही की जाएगी।




