रवि शंकर शर्मा
मुख्यमंत्री ने ‘समाधान यात्रा के क्रम में समस्तीपुर
जिले की समीक्षात्मक बैठक की
पटना, 14 फरवरी 2023 :- मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने समाधान यात्रा के क्रम में समस्तीपुर जिले में विभिन्न विभागों द्वारा चलाए जा रहे विकास योजनाओं की प्रगति के संबंध में समस्तीपुर समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय समीक्षात्मक बैठक की। इस समीक्षात्मक बैठक में समस्तीपुर जिले के सांसद, विधायकगण तथा विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव / प्रधान सचिव / सचिव शामिल हुए।
बैठक में समस्तीपुर के जिलाधिकारी श्री योगेंद्र सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अपने प्रस्तुतीकरण में हर घर नल का जल, हर घर तक पक्की गली-नालियां, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना/ कुशल युवा कार्यक्रम, सात निश्चय-1 के तहत जिले में निर्माण किए जानेवाले भवनों की स्थिति, पॉलिटेक्निक संस्थानों में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना एवं मत्स्य संसाधन के विकास के संबंध में जानकारी दी। साथ ही मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के शैक्षणिक उत्थान के लिए आवासीय विद्यालय, मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति छात्रावास अनुदान योजना, महादलित सामुदायिक भवन सह वर्क शेड योजना, जीविका समूह का गठन, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, उच्चतर शिक्षा हेतु महिलाओं को प्रोत्साहन, अल्पसंख्यक छात्रावास योजना, मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक छात्रावास अनुदान योजना, अल्पसंख्यक मुस्लिम परित्यक्ता/तलाकशुदा महिला सहायता योजना, मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक रोजगार ऋण योजना, मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग छात्रावास योजना, अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण छात्रावास योजना ( पिछड़ा एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए), जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास योजना (अति पिछड़ा वर्ग हेतु), हर खेत तक सिंचाई का पानी सहित अन्य योजनाओं के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी गयी।
बैठक में शामिल जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं रखीं। जनप्रतिनिधियों की समस्याओं के यथाशीघ्र समाधान हेतु मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया।
बैठक में मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि हर घर नल-जल योजना को मेंटेन रखें ताकि लोगों को निरंतर इसका लाभ मिलता रहे। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के तहत बच्चियों का आधार पंजीकरण सुनिश्चित करायें। 2 वर्ष पर संपूर्ण टीकाकरण के पश्चात् दी जाने वाली आर्थिक मदद तत्काल उपलब्ध करायें, इसमें विलंब न करें, यह काफी आवश्यक है। उच्चतर शिक्षा हेतु महिलाओं को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि का भुगतान ससमय करायें। इस संबंध में प्राप्त होने वाले आवेदनों का त्वरित निष्पादन करें, इसमें देर न करें। जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास योजना के तहत निर्मित होने वाले छात्रावास भवनों का निर्माण कार्य तेजी से पूर्ण कराकर उन्हें यथाशीघ्र फंक्शनल करें ताकि इसका लाभ छात्रों को मिल सके। समस्तीपुर में जीविका स्वयं सहायता समूहों का गठन अच्छी संख्या में की गई है। इसकी संख्या और बढ़ायें तथा अधिक से अधिक महिलाओं को समूह से जोड़ने की दिशा में काम करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोग लड़के और लड़कियों को एक साथ पढ़ाने के पक्षधर हैं। इस दिशा में प्रारंभ से ही काम किया जा रहा है। पहले से जो लड़कियों के अलग पढ़ने की व्यवस्था की गई थी, वह आज भी कायम है। हम जब इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ते थे उस समय एक भी लड़की बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में नहीं पढ़ती थी। अब बड़ी संख्या में लड़कियां इंजीनियरिंग कॉलेजों में भी पढ़ रही हैं। अब लड़कियां क्लास रूम में आगे बैठ रही हैं, जबकि लड़के पीछे बैठ रहे हैं। नई बसावटों एवं छूटे हुए टोलों को चिहिन्त कर टोला संपर्कता योजना का लाभ यथाशीघ्र उपलब्ध करायें। पथों का मेंटेनेंस हर हाल में सुनिश्चित करायें। हम कहीं भी जाते हैं और देखते हैं कि सड़क की स्थिति खराब है तो वहीं से खुद ही इससे विभाग को अवगत कराते हैं। लोगों को आवागमन में सहूलियत हो इसलिये सड़कें मेंटेन रहनी चाहिये। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर चीनी मिल काफी समय से बंद है। वहां नये उद्योग स्थापित कराने की दिशा में कार्य सुनिश्चित करें ताकि उस भूमि का इस्तेमाल होने के
साथ ही लोगों को रोजगर भी उपलब्ध हो सके। जिलाधिकारी समस्तीपुर श्री योगेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका अभिनंदन किया।
समीक्षा बैठक में वित्त, वाणिज्य कर एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री सह समस्तीपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री श्रवण कुमार, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री श्री आलोक कुमार मेहता, बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष श्री महेश्वर हजारी, सांसद श्री रामनाथ ठाकुर, विधायक श्री अख्तरुल इस्लाम, विधायक श्री रणविजय साहू, विधायक श्री अजय कुमार, विधायक श्री अशोक कुमार, विधायक श्री विरेंद्र कुमार, विधायक श्री राजेश कुमार सिंह, मुख्य सचिव श्री आमिर सुबहानी, पुलिस महानिदेशक श्री आर०एस० भट्टी, मुख्यमंत्री के सचिव श्री अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, आयुक्त दरभंगा प्रमंडल श्री मनीष कुमार, पुलिस महानिरीक्षक दरभंगा प्रक्षेत्र श्री ललन मोहन प्रसाद, समस्तीपुर के जिलाधिकारी श्री योगेंद्र सिंह, समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक श्री विनय तिवारी सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
समीक्षा बैठक के पश्चात मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हमलोगों का जो उद्देश्य है उसी को ध्यान में रखते हुए कहां पर क्या काम हो रहा है, उसे देख रहे हैं। यात्रा के दौरान कृषि के क्षेत्र में भी क्या-क्या काम हुआ या फिर हो रहा है उसे हमने देखा है। समस्तीपुर खास जगह है। आंगनबाड़ी केंद्रों का भी हमने जायजा लिया है। समीक्षा बैठक में सांसद एवं विधायकों ने अपनी बातें रखी हैं। यहां पर जो काम कराया जा रहे हैं उसको लेकर जिलाधिकारी ने प्रेजेंटेशन दिया है। समीक्षा बैठक में एक- एक चीजों पर विस्तार से चर्चा हुई है। सभी बातों को नोट किया गया है। इसको लेकर अधिकारियों को निर्देश दिया गया है। अगर कहीं कोई कमी है तो उसे दूर करना और इसके साथ ही कहीं कोई चीज स्वीकृत कर दी गई है लेकिन उसका काम अभी पूरा नहीं हुआ है तो उसे पूरा कराना ही समाधान यात्रा का उद्देश्य है।
समस्तीपुर में गुमटी पर आर०ओ०बी० के निर्माण की मांग के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम जब केंद्र सरकार में रेल मंत्री थे तो बहुत सारे फ्लाईओवर बनवाये गये थे। देश भर में हमने इस पर काम शुरु कराया था। अभी भी फ्लाईओवर का निर्माण कराया जा रहा है। आर०ओ०बी० के निर्माण में अगर दिक्कत है तो संबंधित लोगों से बातचीत कर हमलोग खुद निर्माण करवा देंगे। आज भी विभिन्न जगहों पर फ्लाईओवर निर्माण को लेकर बातचीत हुई है।





1 thought on “मुख्यमंत्री ने ‘समाधान यात्रा के क्रम में समस्तीपुर जिले की समीक्षा बैठक की!”
Your article helped me a lot, is there any more related content? Thanks!