रिपोर्ट अनमोल कुमार
गाड़ियों के परखच्चे उड़े, एस्कोर्ट के जवान भी जख्मी
बक्सर : जाप प्रमुख पप्पू यादव की का काफिला सोमवार की देर रात हादसे का शिकार हो गया। पप्पू यादव की गाड़ी भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना भोजपुर जिला के शाहपुर थाना क्षेत्र के पुरवां गांव के पास की है। इस दुर्घटना में पप्पू यादव समेत जाप के बक्सर जिला अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, वाहन चालक सुधीर कुमार के अलावा लगभग 11 लोगों के घायल होने की सूचना है। कई गाड़ी के तो परखचे तक उड़ गए।
पप्पू यादव छपरा के मांझी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर में हुए कांड के बाद पीड़ित परिवार से मिलने के लिए गए थे। वहां से बक्सर जिले के चक्की प्रखंड के जाप के पूर्व जिला अध्यक्ष परमा यादव के बेटे की शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। इस दौरान जैसे ही भोजपुर की सीमा से बक्सर की सीमा में उनका काफिला घुसा तभी पुरवा गांव के पास यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि ओवरटेक के चक्कर में यह हादसा हुआ। वहीं पप्पू यादव की सुरक्षा में एस्कॉर्ट कर रही जवानों की गाड़ी पलट कर सड़क से नीचे चली गई, जिसमें सुरक्षा में तैनात जवान बुरी तरह घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार सड़क हादसे में जाप सुप्रीमो पप्पू यादव को भी हल्की चोट आई है। घटना में जाप प्रमुख के साथ चल रहीं लगभग तीन गाड़ियां आपस में टकरा गईं। घटना के बाद सड़क पर घायलों की चीख-पुकार मच गई। सभी को भोजपुर जिले के शाहपुर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
दुर्घटना की सूचना पर ब्रह्मपुर थाना और शाहपुर थाना की 112 नंबर वाहन पहुंची। एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए भेजा गया। बताया जा रहा है कि यह घटना ओवरटेक कर रहे एक ट्रक के कारण हुई है।
हादसे के बाद पप्पू यादव ने बताया कि वह शुक्रगुजार हैं भगवान के कि सब लोग सुरक्षित हैं। ट्रक के ओवरटेक करने के कारण यह दुर्घटना हुई है। पप्पू यादव का कहना है कि इस दुर्घटना में करीब 11 लोग घायल हुए हैं। इसमें उनकी पार्टी के बक्सर के जिला अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह और इंजिनियर दिनेश के अलावा कुछ लोगों के हाथ टूट चुके हैं। किसी के शरीर में चोट है तो किसी के सीने में चोट आई है।




