रिपोर्ट -अनमोल कुमार:-
बिहार में जो हुआ है वह लोकतंत्र के लिए स्वस्थ संकेत नहीं
पटना : बिहार के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. संजय जायसवान ने कहा है कि नीतीश कुमार ने भाजपा के सर्वोच्च नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और जदयू को 2020 में मिले साझा जनादेश को खंडित किया है और हमें तथा जनता को धोखा दिया है। बिहार की जनता ने एनडीए को स्पष्ट बहुमत दिया था और डबल इंजन की सरकार बनायी थी, ताकि बिहार का बहुमुखी विकास कार्य निर्वाध गति से चलता रहे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि बिहार की जनता को यह स्पष्ट तौर पर पता है कि राजद एक भ्रष्टाचारी तथा सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने वाली पार्टी है और इसी तथ्य के आधार पर विगत चार विधान सभा चुनावों तथा चार लोकसभा चुनावों में एनडीए को बहुमत दिया है, ताकि उनकी आकांक्षाएं पूरी हो सके। इन सभी जनादेशों में भाजपा की भूमिका सारगर्भित तथा महत्वपूर्ण रही है। बिहार में जो हुआ है वह लोकतंत्र के लिए स्वस्थ संकेत नहीं है। जायसवाल ने कहा कि लालू यादव के 15 वर्षो का बिहार में शासन तथा यूपीए सरकार में रेल मंत्री के रूप में शासन एक दुखद स्वप्न जैसा रहा है। हमने नीतीश जी को आगे करके बिहार की जनता के अपेक्षाओं पर खरा उतरने की लगातार कोशिश की है। भाजपा ने उन्हें सदैव सम्मान दिया है और उनके पूर्ण नियंत्रण वाली सरकार बनाकर बिहार के विकास के लिए अपनी अहम भूमिका अदा की है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा-क्या यह एक सच्चाई नहीं है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने लालू राज के विरुद्ध भयंकर अत्याचारों को सहकर लड़ाई लड़ी हैं और स्वयं को पीछे रखकर नीतीश जी को मुख्यमंत्री और केंद्र में मंत्री बनाया, ताकि बिहार का चतुर्दिक विकास हो सके ?यह बिहार की जनता के साथ स्पष्ट धोखा है और यह नीतीश कुमार की
भ्रष्टाचार परिवारवाद और अराजकता के विरुद्ध जो लड़ाई थी वो आज पूर्णरूपेण खत्म हो गई । भाजपा अब बिहार के भविष्य की लड़ाई अब अपने बूते लड़ेगी।




