रिपोर्ट – पंकज कुमार!
अरवल – बंशी प्रखंड के खरासिन गांव निवासी अनंत शर्मा उर्फ ‘धरतीपुत्र अनंत’ सोमवार को अपनी फरियाद कुछ अलग अंदाज में लेकर पहुँचा। उन्होंने गले में जूते की माला पहन रखी थी और सिर पर हेलमेट लगाया हुआ था। उनका यह अनोखा विरोध प्रदर्शन देखकर समाहरणालय परिसर में मौजूद कर्मी और अधिकारी भी हैरान रह गए। अनंत शर्मा सामहारणालय मे आकर जिलाधिकारी से मिलने की गुहार लगाने लगे। इसके बाद वरीय अधिकारी ने उन्हें अपने कार्यालय में बुलाकर उनकी समस्या के बारे में जानकारी ली और मामले को समझने का प्रयास किया। मीडिया से बातचीत के दौरान अनंत शर्मा ने बताया कि उनकी जमीन का विवाद वर्ष 2014 से चल रहा है, लेकिन इतने वर्षों के बाद भी उन्हें अब तक न्याय नहीं मिल सका है। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार अधिकारियों के समक्ष अपनी फरियाद रखने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि “अधिकारी उनकी फरियाद को जूते के बराबर समझते हैं, इसलिए इस बार उन्होंने जूते की माला पहनकर अपनी बात अधिकारियों तक पहुंचाने का फैसला किया।” सिर पर हेलमेट पहनकर समाहरणालय पहुंचने के पीछे भी उन्होंने अपनी अलग तरह की नाराजगी जाहिर की। अनंत शर्मा के इस अनोखे तरीके ने समाहरणालय परिसर में लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। अब देखना होगा कि वर्षों से लंबित जमीन विवाद को लेकर उनकी शिकायत पर प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।
वाइट अनंत शर्मा उर्फ ‘धरतीपुत्र अनंत फरियादी



