ब्यूरो रिपोर्ट
तूल पकड़ने लगा है काठीकुंड शिकारीपाड़ा मुख्य पथ के मरम्मती कार्य में अनियमितता बरतने का मामला
विधायक नलीन सोरेन ने दी चेतावनी, कार्य में अनियमितता पाए जाने पर नहीं करने देंगे काम
मजदूरों ने लगाया मजदूरी नहीं देने तथा सुरक्षा नियमों की अवहेलना का आरोप
काठीकुंड(दुमका)
काठीकुंड शिकारीपाड़ा मुख्य पथ के मरम्मती कार्य में अनियमितता बरतने का मामला अब तूल पकड़ता दिखाई दे रहा है। स्थानीय विधायक नलीन सोरेन ने मामले में जांच का आदेश दिया है। जानकारी के अनुसार पथ निर्माण विभाग दुमका द्वारा काठीकुंड शिकारीपाड़ा मुख्य पथ का करीब नौ करोड़ रुपए की लागत से मरम्मती कराया जा रहा है|पथ मरम्मती का कार्य संवेदक मास्टर सिंह को दिया गया है|स्थानीय लोगो का कहना है इस सड़क की मरम्मती करने में संवेदक के द्वारा काफी अनियमितता बरती जा रही है|आरोप लगाया जा रहा कि सड़क मरम्मती कार्य में अलकतरा में आधा से ज्यादा पानी मिलाया जा रहा है । सड़क मरम्मती में जितना अलकतरा और बाकी सामग्री को मिश्रण करना चाहिए वह नही किया जा रहा है। यही कारण है कि सड़क एक किनारे से बन रही है तो दूसरे ओर से टूटनी शुरू हो गई है। स्थानीय निवासी विनीत सोरेन ने बताया कि अलकतरा में आधा पानी मिला कर दिया जा रहा है। विभागीय अभियंता के अनुपस्थित में आनन फानन में मरम्मती का कार्य प्राक्कलित राशि के अनुसार नही किया जा रहा है| मजदूर फुलचाँद राय ने बताया कि मजदूरी कराकर उसको मजदूरी भी नही दी गई है| मजदूरों को बचाव के लिए जूता भी नही दिया गया है, चप्पल में ही काम करा रहा है । संथाल परगना आदिवासी बुद्दिजीवी मंच के सदस्य एडविन ने कहा कि जब उसने मजदूरों से पूछा कि अलकतरा कितना मिलाया जा रहा है तो मजदूरों ने बताया कि आधा अलकतरा और आधा पानी मिलाकर काम कराया जा रहा है।
इधर विभाग के अभियंता मोहमद फजिल अहमद को प्राक्कलित राशि के बारे में भी जानकारी नहीं है। शिकारीपाड़ा विधानसभा के विधायक नलिन सोरेन ने बताया कि जो योजनाए होती है उसको गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए| क्योंकि बड़ी योजनायें बार बार नही होती है और ऐसी योजनाओ में काफी रुपये सरकार ख़र्च करती है । इसलिए इसके बारे में जानकारी लेंगे और अगर काम में गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है तो संवेदक को बोलकर काम बंद करा देंगे ।




