इंजीनियरिंग के छात्रों से भरी ऑटो हार्वेस्टर में घुसी, दो की मौत; सात छात्र और चालक गंभीर!

SHARE:

पंकज कुमार जहानाबाद

जहानाबाद-गया बॉर्डर पर हुलासगंज थाना क्षेत्र के कंदौल गांव के पास सड़क पर खड़े हार्वेस्टर में पीछे से ऑटो टकरा गया. इस हादसे में ऑटो पर सवार हुलासगंज इंजीनियरिंग कॉलेज के दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें दो छात्रों की चिंताजनक स्थिति को देखते हुए उन्हें पटना के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया है. वहीं, छह घायलों का इलाज जहानाबाद के कुर्मा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.जहानाबाद की जिलाधिकारी छिरिड़ वाई भूटिया ने दो छात्रों की मौत की पुष्टि की है. मृतकों की पहचान घोसी निवासी आदित्य राज और सौरव कुमार के रूप में हुई है. वहीं, घायलों में अविनाश कुमार, आकाश कुमार, मुन्ना कुमार, विकास कुमार, अनंत कुमार, अंकित कुमार, कुमार गौरव और आशीष कुमार शामिल हैं.बताया जाता है कि हुलासगंज इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र शनिवार को गया में 2024-28 सत्र की सेमेस्टर परीक्षा देने के लिए एक ऑटो बुक कर गए थे. वापसी के दौरान ऑटो में कुल नौ छात्र सवार थे, जबकि एक चालक ऑटो चला रहा था.
इसी दौरान हुलासगंज के कंदौल गांव के पास एक हार्वेस्टर का पहिया ब्लास्ट होने के कारण वह सड़क पर खड़ा था. इसी बीच चालक का संतुलन बिगड़ गया और ऑटो सड़क पर खड़े हार्वेस्टर के पिछले हिस्से से टकरा गया. इस दुर्घटना में ऑटो पर सवार नौ छात्र और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए.घटना की सूचना मिलते ही हुलासगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद हार्वेस्टर में फंसे छात्रों और ऑटो को बाहर निकलवाया गया. इसके बाद सभी घायलों को हुलासगंज पीएचसी ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
हालांकि, छात्रों के परिजनों के अनुरोध पर सभी घायलों को इलाज के लिए जहानाबाद के कुर्मा मेडिकल कॉलेज भेजा गया. मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्रों की स्थिति बिगड़ने पर उन्हें गंभीर हालत में पटना के मेदांता अस्पताल रेफर कर दिया गया. बाकी पांच छात्रों और ऑटो चालक का इलाज कुर्मा मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है.जिलाधिकारी छिरिड़ वाई भूटिया ने भी कुर्मा मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल छात्रों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना. उन्होंने अस्पताल के निदेशक और चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. वहीं, जहानाबाद के अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा भी मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

Join us on: