बेतिया- अंचल कार्यालय में रिश्वतखोरी का कथित वीडियो वायरल!

SHARE:

रिपोर्ट – मनोज कुमार!

बेतिया से खबर है जहां मझौलिया अंचल कार्यालय से जुड़ा एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक व्यक्ति अंचल कार्यालय में एक अधिकारी को कथित रूप से 10 हजार रुपये देते हुए दिखाई दे रहा है। रुपये देने के बाद उक्त व्यक्ति यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि अब वह निश्चित हो गया है और उसका काम हो जाएगा।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में रुपये लेते दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान अंचल कार्यालय के बड़ा बाबू रवि रंजन कुमार श्रीवास्तव के रूप में बताई जा रही है। दावा किया जा रहा है कि जमीन संबंधी कार्य के एवज में उक्त राशि बतौर नजराना ली गई। वीडियो सामने आने के बाद अंचल कार्यालय से लेकर प्रखंड क्षेत्र तक तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
हालांकि हमारा चैनल वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो कब का है और इसके पीछे वास्तविक मामला क्या है, यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है।
वायरल वीडियो को लेकर लोगों में आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वीडियो सही है तो मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई होनी चाहिए। लोगों ने प्रशासन से वायरल वीडियो की जांच कराने और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने की मांग की है। फिलहाल वायरल वीडियो प्रखंड क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Join us on: