हाजीपुर में ‘नीतीश संवाद’ के तहत जीविका के 20 साल बेमिसाल कार्यक्रम का आयोजन!

SHARE:

रिपोर्ट – ऋषभ कुमार!

बिहार में जीविका के 20 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हाजीपुर के रामाशीष चौक स्थित एक निजी होटल में ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में जीविका के योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक राम सेवक सिंह एवं विधायक महेंद्र राम शामिल हुए। वहीं जदयू जिलाध्यक्ष सुभाष चंद्र सिंह, महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष मोनिका सिंह, जिला प्रभारी डॉ. सोनल एवं किरण गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने जीविका से जुड़ी महिलाओं के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव, बढ़ते आत्मविश्वास और आर्थिक भागीदारी को रेखांकित किया। वक्ताओं ने कहा कि जीविका ने ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को समूहों से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर दिया है।

‘जीविका के 20 साल—बदलाव, संघर्ष और सफलता की कहानी’ विषय पर हुए संवाद में महिलाओं की सफलता की कहानियों और ग्रामीण समाज में उनके बढ़ते योगदान पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि आर्थिक रूप से सशक्त महिलाएं परिवार के साथ-साथ समाज और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम में जीविका के दो दशकों के सफर को महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण बदलावों के रूप में प्रस्तुत किया गया।

Join us on: