कैमूर- सीएसपी संचालक को गोली मार तीन लाख रुपये लूटने का आरोपी गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट- पियूष कुमार!

मोहनिया। औरंगाबाद जिले के फेसर थाना क्षेत्र में सीएसपी संचालक को गोली मारकर करीब तीन लाख रुपये, लैपटॉप और अन्य सामान लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपित को कैमूर के मोहनिया से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान औरंगाबाद जिले के अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के अकोढ़ी मेला गांव निवासी मदन कुमार के पुत्र पंकज कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से कथित तौर पर लूट में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, घटना की सुबह फेसर थाना क्षेत्र में बढ़ई बिगहा और पिरौटा गांव के बीच बाइक सवार अपराधियों ने सीएसपी संचालक प्रदीप कुमार को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोप है कि अपराधियों ने उनके साथ मारपीट करने के बाद गोली मार दी और करीब तीन लाख रुपये, लैपटॉप समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। गोली लगने से घायल सीएसपी संचालक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

घटना के बाद औरंगाबाद पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लूटकांड में शामिल एक आरोपित बाइक से मोहनिया पहुंचा है। सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर मोहनिया थाना, कुदरा थाना और डीआईयू की संयुक्त टीम गठित की गई।

संयुक्त टीम ने मोहनिया के पटना मोड़ के पास घेराबंदी कर संदिग्ध आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से घटना में इस्तेमाल की गई बताई जा रही बाइक बरामद की गई। गिरफ्तारी के बाद औरंगाबाद पुलिस आरोपित को अपने साथ ले गई।

मोहनिया थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने फोन पर बताया कि औरंगाबाद में सीएसपी संचालक को गोली मारकर लूट के मामले में एक आरोपित को पटना मोड़ से पकड़ा गया है। औरंगाबाद पुलिस उसे अपने साथ ले गई है।

पुलिस अब मामले में गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य आरोपितों और लूटे गए सामान के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Join us on: