नवादा / सोनू सिंह ।
नवादा के कौआकोल प्रखंड स्थित सोखोदेवरा-शिवपुर डैम से 16 वर्षीय किशोर का शव बरामद होने के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है। शुरुआती जानकारी में किशोर की डूबने से मौत की बात सामने आई थी, लेकिन मृतक के पिता ने हत्या की आशंका जताते हुए पांच युवकों पर बेटे को साथ ले जाकर हत्या करने और शव डैम में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
कौआकोल (नवादा)। सोखोदेवरा-शिवपुर डैम से शनिवार की शाम 16 वर्षीय किशोर का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुनील कुमार दास के पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है। रविवार की सुबह नवादा सदर अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे राकेश ने घर में खाना खाया था। इसके बाद वह घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर गया था। शाम करीब चार बजे परिजनों को उसके डैम में डूबने की सूचना मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की गई। करीब 24 घंटे बाद शनिवार शाम डैम से उसका शव बरामद किया गया।
पिता ने हत्या की जताई आशंका
मृतक के पिता सुनील कुमार दास ने मामले को हादसा मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि उनके बेटे की करीब छह महीने से एक लड़की से बातचीत होती थी। पिता के मुताबिक शुक्रवार को उसी लड़की का फोन आया था, जिसे उन्होंने खुद उठाया था। इसके बाद पांच युवक राकेश को अपने साथ ले गए।
पिता ने आरोप लगाया कि उन्हीं युवकों ने राकेश की हत्या कर शव डैम में फेंक दिया। उन्होंने करीब तीन महीने पहले बेटे के साथ हुई मारपीट और पूर्व में मिली कथित धमकी का भी जिक्र किया है।
हालांकि, पिता की ओर से लगाए गए इन आरोपों की पुलिस स्तर से अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस हादसे में डूबने और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
5 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ
कौआकोल थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि डैम में डूबने की सूचना मिली थी। मृतक के पिता की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। मामले में पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही राकेश की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। शव का पोस्टमॉर्टम मेडिकल जांच और वीडियोग्राफी के साथ कराया जा रहा है।



