रिपोर्ट – सुमित कुमार!
सात साल बाद खुला शादीशुदा महिला के अपहरण का राज ,हैदराबाद में दूसरे पुरुष के साथ रह रही थी महिला, मायके वाले थे संपर्क में, पुलिस से छिपाई गई पूरी जानकारी,तकनीकी जाँच के बाद हैदराबाद से किया बरामद।
मुंगेर : शामपुर थाना क्षेत्र से वर्ष 2019 में लापता हुई शादीशुदा महिला के अपहरण के मामले का पुलिस ने सात साल बाद खुलासा किया है। पुलिस ने महिला को तेलंगाना के हैदराबाद से बरामद किया है। जांच में सामने आया कि महिला अपनी इच्छा से घर छोड़कर हैदराबाद चली गई थी और वहां दूसरे पुरुष के साथ रह रही थी। महिला के दो बच्चे भी हैं। पुलिस के अनुसार, महिला अपने मायके वालों के लगातार संपर्क में थी, लेकिन परिजनों ने पुलिस को इसकी जानकारी नहीं दी।
भागलपुर जिले के नारायणपुर गांव निवासी ज्वाला सिंह ने दो अगस्त 2019 को श्यामपुर थाने में अपनी बेटी मौसम कुमारी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि मौसम की शादी वर्ष 2015 में श्यामपुर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर गांव निवासी विकास कुमार से हुई थी। शादी के बाद वह अपने पति के साथ तेलंगाना के सिकंदराबाद में रहती थी। विकास वहां निजी कंपनी में काम करता था।परिजनों के अनुसार, 23 जुलाई 2019 को मौसम की सास राधिका देवी ने फोन कर बताया कि वह शौच के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। ससुराल वालों और रिश्तेदारों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पिता अपनी बेटी की तलाश में पुरुषोत्तमपुर गांव पहुंचे। काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चलने पर उन्होंने श्यामपुर थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया और ससुराल पक्ष पर बेटी को गायब करने की आशंका जताई।
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन उस समय तकनीकी संसाधनों के सीमित होने के कारण महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका। धीरे-धीरे मामला लंबित मामलों की सूची में चला गया।
मुंगेर के एसपी सैयद इमरान मसूद ने हाल में जिले के सभी थानों में लंबित पुराने मामलों की समीक्षा का निर्देश दिया। इसी दौरान श्यामपुर थाना का यह मामला सामने आया। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर महिला की बरामदगी का निर्देश दिया।पुलिस टीम ने सबसे पहले महिला के मायके वालों के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को चौंकाने वाली जानकारी मिली। महिला अपनी मां और भाई के लगातार संपर्क में थी। इससे पुलिस को आशंका हुई कि परिजनों को महिला के ठिकाने की जानकारी हो सकती है।इसके बाद तकनीकी निगरानी के आधार पर महिला के मोबाइल लोकेशन की जांच की गई। लोकेशन तेलंगाना के हैदराबाद की मिली। पुलिस टीम 14 सितंबर को करीब 1700 किलोमीटर की दूरी तय कर तेलंगाना पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से महिला को हैदराबाद से बरामद कर मुंगेर लाया गया।
पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि जनवरी 2019 में सिकंदराबाद में अपने पति के साथ रहने के दौरान उसकी मुलाकात मोहम्मद जुबेर से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में प्रेम संबंध हो गया। जुलाई 2019 में वह ससुराल से भाग कर जुबेर के पास हैदराबाद चली गई।महिला ने बताया कि वर्ष 2020 में उसने एक बेटी और वर्ष 2022 में एक बेटे को जन्म दिया। आधार कार्ड में नाम नहीं बदल पाने के कारण सरकारी दस्तावेजों में अब भी उसका नाम मौसम कुमारी ही दर्ज है। उसने पुलिस को बताया कि वह अपनी इच्छा से जुबेर के साथ रह रही है और अब अपने मायके या ससुराल वापस नहीं जाना चाहती।
एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि वर्ष 2019 में शादीशुदा महिला के अपहरण का एक मामला शामपुर थाना दर्ज हुआ था। पुलिस ने मामले की दोबारा जांच करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महिला को हैदराबाद से बरामद किया है। जांच में यह भी सामने आया कि महिला अपने परिवार के सदस्यों के संपर्क में थी। इसके बावजूद परिजनों ने पुलिस को महिला के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी।एसपी ने कहा कि मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर परिजनों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। दोष पाए जाने पर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण कराया है। न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा रही है। बयान और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने कहा इस मामले का उदभेदन में शामिल एसआईटी टीम को रिवार्ड से किया जायेगा सम्मानित।
बाइट : सैयद इमरान मसूद एसपी मुंगेर



