रिपोर्ट – मिथुन कुमार!.
शराबबंदी वाले बिहार में तस्कर शराब की खेप पहुंचाने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। नालंदा के सरमेरा थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग की टीम ने ऐसे ही एक मामले का खुलासा किया है, जहां फर्नीचर और कबाड़ की आड़ में विदेशी शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही थी।
उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि शेखपुरा के रास्ते शराब की खेप नालंदा लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने सरमेरा बाजार में घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप वैन को पकड़ लिया।
वाहन को देखने पर पहली नजर में उसमें अलमारी, ड्रेसिंग टेबल और अन्य फर्नीचर लदा हुआ दिखाई दे रहा था। लेकिन जब उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन की गहन तलाशी ली तो फर्नीचर और कबाड़ के अंदर छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। शराब को इस तरह छिपाया गया था कि सामान्य जांच में इसका पता लगाना मुश्किल हो।
कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग ने पिकअप वैन के चालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शराब कहां से लाई गई थी और नालंदा में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई थी। तलाशी में फर्नीचर और कबाड़ के अंदर छिपाकर रखी गई शराब का खुलासा हुआ है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
उत्पाद विभाग अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटा है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।
कार्रवाई में इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष नीतीश कुमार, दारोगा पुष्पा कुमारी, जमादार अश्विनी कुमार, सिपाही अमरेश कुमार समेत उत्पाद विभाग के अन्य जवान शामिल रहे।
फर्नीचर की आड़ में शराब की यह तस्करी सामने आने के बाद उत्पाद विभाग की कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।




