पंकज कुमार जहानाबाद
मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में अप्रैल में हुई 5.90 करोड़ रुपये की आभूषण और नकदी लूट के मामले में वांछित आरोपित राहुल राज को बिहार एसटीएफ और मध्य प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने जहानाबाद से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे इमलिया गांव से पकड़ा। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चारपहिया वाहन और 46 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार राहुल राज के विरुद्ध बिहार और मध्य प्रदेश में हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट से जुड़े तीन मामले दर्ज हैं। सिंगरौली की बड़ी लूट के बाद से ही मध्य प्रदेश पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही थी।
बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हथियार के बल पर हुई थी लूट
17 अप्रैल को सिंगरौली जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में अपराधियों ने हथियार के बल पर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया था। अपराधी बैंक से करीब 5.70 करोड़ रुपये मूल्य के स्वर्ण आभूषण और 20 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद बैढ़न थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान राहुल राज की इस वारदात में संलिप्तता सामने आई। इसके बाद मध्य प्रदेश पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। तकनीकी और अन्य माध्यमों से मिली जानकारी के आधार पर बिहार एसटीएफ के सहयोग से जहानाबाद में उसके ठिकाने का पता लगाया गया।
संयुक्त टीम ने इमलिया गांव में छापेमारी कर राहुल राज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर लूट की घटना में शामिल अन्य आरोपितों और लूटे गए सामान के संबंध में जानकारी जुटा रही है।



