मंत्री संजय सिंह ने महुआ में लगाया जनता दरबार, उमड़ी लोगों की भीड़, कई समस्याओं का किया निबटारा!

SHARE:

रिपोर्ट – ऋषभ कुमार!

हाजीपुर—-लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग, बिहार सरकार के मंत्री सह महुआ विधायक श्री संजय सिंह के द्वारा महुआ प्रखंड कार्यालय परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया।
जनता दरबार में महुआ क्षेत्र के सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग अपनी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव लेकर पहुंचे। मंत्री श्री संजय सिंह ने एक-एक फरियादी की बात धैर्यपूर्वक सुनी और संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे मिले, इस उद्देश्य से दरबार परिसर में विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा जागरूकता एवं प्रदर्शनी स्टाल लगाए गए।
स्टालों पर अधिकारियों ने लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभ के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर मंत्री श्री संजय सिंह ने कहा,
“सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता दरबार का उद्देश्य सिर्फ शिकायत सुनना नहीं है, बल्कि हर नागरिक को योजना से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना भी है।”

जनता दरबार में कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों को समय-सीमा में निपटाने का आश्वासन दिया गया।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन से आम जनता को अपनी बात सीधे जनप्रतिनिधि और अधिकारियों तक पहुंचाने का मंच मिलता है और सरकारी योजनाओं की सही जानकारी भी प्राप्त होती है।

Join us on: