रिपोर्ट – धर्मेंद्र कुमार!
मोतिहारी। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत संचालित मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के अंतर्गत पूर्वी चंपारण जिले के हृदय रोग से पीड़ित 13 बच्चों को उनके परिजनों के साथ सात एंबुलेंस के माध्यम से पटना स्थित जय प्रभा मेदांता अस्पताल भेजा गया। वहां बिहार सरकार की ओर से आयोजित निशुल्क हृदय जांच शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा जांच की जाएगी। जरूरत पड़ने पर बच्चों का ऑपरेशन भी पूरी तरह निशुल्क कराया जाएगा।
रविवार को सदर अस्पताल मोतिहारी से आरबीएसके के नोडल पदाधिकारी डॉ. शशि मिश्रा ने सात एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर बच्चों को पटना के लिए रवाना किया। उन्होंने बताया कि समय पर जांच और उपचार से हृदय रोग से पीड़ित बच्चों को गंभीर जटिलताओं से बचाया जा सकता है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना के तहत निशुल्क जांच, इलाज और सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
पूर्वी चंपारण के सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि जिले में अब तक इस योजना के तहत 180 बच्चों की सफल निशुल्क हृदय सर्जरी कराई जा चुकी है। वहीं 100 से अधिक बच्चों का दवाओं के माध्यम से सफल उपचार किया गया है। उन्होंने कहा कि यह योजना गंभीर हृदय रोग से जूझ रहे बच्चों और उनके परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि यदि किसी बच्चे में जन्मजात हृदय रोग के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में जांच कराएं, ताकि समय पर इलाज शुरू हो सके और बच्चे को स्वस्थ जीवन मिल सके।



