सावन के शुभ अवसर पर कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ!

SHARE:

रिपोर्ट – संतोष कुमार पांडेय!

लखीसराय। जिले में ‘नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। पॉलिटेक्निक कॉलेज के सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान के शुभारंभ का सीधा प्रसारण देखा और सुना गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं और आम लोगों ने भाग लेकर नशामुक्त भारत का संकल्प लिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में शुरू किया गया यह 100 सप्ताह का राष्ट्रव्यापी अभियान युवाओं को नशे की लत से दूर रखने और स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस अभियान से माय भारत वॉलंटियर्स, यूथ क्लब, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, गैर-सरकारी संगठन, उद्योग संगठनों तथा आध्यात्मिक संस्थाओं को जोड़ा गया है, ताकि समाज के हर वर्ग तक नशामुक्ति का संदेश पहुंच सके।उन्होंने बताया कि अभियान के तहत खेलकूद प्रतियोगिताएं, वॉकथॉन, योग एवं ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक, परिचर्चा, कला प्रतियोगिताएं और सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। मंत्री ने सभी युवाओं से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।

Join us on: