विधायक ई. आईपी गुप्ता से विधानसभा में कथित दुर्व्यवहार पर सहरसा में फूटा गुस्सा, जोरदार प्रदर्शन!

SHARE:

रिपोर्ट – बिकास कुमार!

मंत्री रामकृपाल यादव को मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर सार्वजनिक माफी मांगने की उठी मांग, वीर कुंवर सिंह चौक पर जमकर हुई नारेबाजी

सहरसा।

बिहार विधानसभा के भीतर सहरसा विधायक ई. आईपी गुप्ता के साथ कथित दुर्व्यवहार, धमकी और अमर्यादित टिप्पणी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में गुरुवार की शाम इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (आईआईपी) एवं सहयोगी वामदलों के कार्यकर्ताओं ने शहर के वीर कुंवर सिंह चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और संबंधित नेताओं के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
आईआईपी जिलाध्यक्ष विद्या शर्मा के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। प्रदर्शनकारियों ने ‘‘भाजपा शर्म करो’’, ‘‘सम्राट चौधरी मुर्दाबाद’’, ‘‘भाजपा विधायक होश में आओ’’ और ‘‘मंत्री रामकृपाल यादव माफी मांगो’’ जैसे नारे लगाए।
लोकतंत्र और जनादेश का अपमान बताया
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए आईआईपी के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय सिंह, टुनटुन शर्मा, भाकपा नेता कुंदन यादव, सीपीआई नेता शंकर कुमार, सीपीएम नेता कुलानंद यादव एवं आईआईपी के पूर्व प्रवक्ता डॉ. धनोज शर्मा ने कहा कि विधानसभा जैसे लोकतंत्र के सर्वोच्च सदन में सहरसा विधायक के साथ कथित गाली-गलौज और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल संसदीय परंपराओं पर हमला है।
नेताओं ने कहा कि मंत्री रामकृपाल यादव द्वारा विधायक को ‘‘गुंडा’’ और ‘‘गुंडों का सरदार’’ कहना केवल एक जनप्रतिनिधि का अपमान नहीं, बल्कि सहरसा की जनता और उसके जनादेश का भी अपमान है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार पद पर बैठे मंत्री से इस तरह की भाषा की उम्मीद नहीं की जाती।
मंत्री को बर्खास्त करने की मांग, आंदोलन तेज करने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार से पूरे मामले में सार्वजनिक रूप से माफी मांगने, मंत्री रामकृपाल यादव को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने तथा कथित दुर्व्यवहार में शामिल भाजपा विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द संज्ञान नहीं लिया गया तो आंदोलन को पंचायत स्तर से लेकर राज्य स्तर तक व्यापक रूप दिया जाएगा।
ये लोग रहे मौजूद
प्रदर्शन में आईआईपी के चंद्रकिशोर शर्मा, बैद्यनाथ शर्मा, विद्यानंद शर्मा, रेशम लाल, जवाहर सरदार, विधायक प्रतिनिधि अमित कुमार, इमरान खान, युवा प्रदेश सचिव पिंटू शर्मा, अरुण शर्मा, नारायण शर्मा, संजय शर्मा, बागेश्वर शर्मा, रूपकांत शर्मा सहित भाकपा (माले), सीपीआई एवं सीपीएम के दर्जनों नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Join us on: