रिपोर्ट – अमित कुमार!
पटना में आयोजित दूसरे ग्रैंड मेंगो फेस्टिवल का शनिवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और आम की देशी-विदेशी किस्मों के बारे में जानकारी ली।
फेस्टिवल में सौ से अधिक किस्मों के आमों की प्रदर्शनी लगाई गई है। इसमें भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ अमेरिका, वियतनाम समेत कई देशों की प्रसिद्ध आम प्रजातियों को भी प्रदर्शित किया गया है। आम प्रेमियों और किसानों के लिए यह प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि कृषि विभाग किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री के विजन को बिहार में धरातल पर उतारने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों को यूरिया के लिए लाइन में न लगना पड़े, इसके लिए उर्वरकों की उपलब्धता को और अधिक सुलभ बनाया जा रहा है।




