भोजपुर में शराब तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 11 हजार लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय

आरा, 12 जून। भोजपुर जिले में मद्यनिषेध विभाग ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से करीब 11 हजार लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान हरियाणा के दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला पदाधिकारी भोजपुर के निर्देश पर मद्यनिषेध विभाग द्वारा जिले में लगातार वाहन जांच एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायक आयुक्त मद्यनिषेध, भोजपुर को सूचना मिली कि हरियाणा से एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बिहार लाई जा रही है। सूचना के आधार पर मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग भोजपुर तथा राज्य नियंत्रण ब्यूरो, पटना की संयुक्त टीम ने मोहनीयां-आरा फोरलेन स्थित महुली ओवरब्रिज के समीप वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान PB10JP-9177 नंबर के महिंद्रा ब्लाजो ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की, रॉयल चैलेंज व्हिस्की और किंगफिशर एक्स्ट्रा स्पेशल स्ट्रॉन्ग बीयर शामिल हैं।
मद्यनिषेध विभाग के अनुसार ट्रक से कुल 62,040 बोतल/कैन शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 11,205.60 लीटर है। बरामद शराब का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 1 करोड़ 35 लाख रुपये बताया गया है।
कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार तस्करों की पहचान हरियाणा के करनाल निवासी अमनदीप सिंह तथा कुरुक्षेत्र निवासी गुरजीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
मद्यनिषेध विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बिहार में शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।

Join us on: