रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले से लगने बाली भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित जयनगर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं विकास कार्यों में अंतर-विभागीय समन्वय बढ़ाने के उद्देश्य से 48 वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर मुख्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता अमरेश कुमार, महानिरीक्षक, रेलवे सुरक्षा बल, पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर द्वारा की गई। बैठक में राजेंद्र कुमार कमांडेंट 48 वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल जयनगर, श्रीमती वीणा कुमारी, भा.पु.से., पुलिस अधीक्षक, रेलवे, मुजफ्फरपुर तथा आशीष कुमार, मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, समस्तीपुर सहित अन्य कय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
48 वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल जयनगर मुख्यालय पहुंचने पर अधिकारियों का स्वागत राजेन्द्र कुमार, कमांडेंट, 48 वीं वाहिनी एवं अन्य अधिकारियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर कमांडेंट द्वारा सभी अतिथियों को स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
बैठक के दौरान जयनगर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा को अभेद्य बनाने, सीमा पार तस्करी एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा एसएसबी, आरपीएफ, जीआरपी एवं जिला पुलिस के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
समीक्षा के क्रम में अधिकारियों द्वारा स्टेशन परिसर की सुरक्षा, परिधि सुरक्षा दीवार की ऊँचाई बढ़ाने, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली के विस्तार, एकीकृत नियंत्रण कक्ष की स्थापना एवं रेलवे फुट ओवर ब्रिज सहित आधारभूत संरचना के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। सुरक्षा ग्रिड को और अधिक सशक्त बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।




