आरा/आशुतोष पाण्डेय
:आरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आरपीएफ और जीआरपी ने संयुक्त रूप से शनिवार को विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान यात्रियों को परेशान करने और अवैध रूप से धन मांगने के आरोप में चार किन्नरों को पकड़ा गया।
आरपीएफ पोस्ट आरा के प्रभारी निरीक्षक दीपक कुमार और जीआरपी थाना अध्यक्ष रणधीर कुमार के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन परिसर में संयुक्त अभियान चलाया गया। जांच के दौरान यात्रियों से जबरन पैसे मांगकर असुविधा उत्पन्न करने के आरोप में चार किन्नरों को हिरासत में लिया गया।
पकड़े गए सभी लोगों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। सुनवाई के बाद न्यायालय ने सभी पर ₹2,000-₹2,000 का अर्थदंड लगाया।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और स्टेशन परिसर में शांति एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए आरपीएफ और जीआरपी द्वारा आगे भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से किसी भी प्रकार की परेशानी या अवैध वसूली की सूचना तुरंत आरपीएफ अथवा जीआरपी को देने की अपील की है।




