रिपोर्ट- संतोष पांडेय
बहरामा गांव में लोकसभा चुनाव के दौरान पुलिस मतदाता में झड़प,थानाध्यक्ष,सिपाही व चौकीदार सहित 5 मतदाता घायल
मुंगेर लोकसभा क्षेत्र के लखीसराय स्थित हलसी प्रखंड के कुल 93 मतदान केंद्र पर मतदाताओं ने अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान महिला, पुरुष, युवा तथा वृद्धजन सुबह से ही कतारबद्ध हो अपने मत का प्रयोग करने हेतु प्रतीक्षा करते रहे। खासकर युवा मतदाताओं में पहली बार मतदान किए जाने को लेकर उत्साहित दिखे। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अनुमंडलाधिकारी चंदन कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शिवम कुमार दलबल के साथ मतदान केंद्रों पर भ्रमणशील रहे। बहरामा स्थित मतदान केंद्र संख्या 303 तथा 304 पर किसी बात को लेकर पुलिस एवं मतदाताओं में कहासुनी के बाद झड़प हो गई। जिसमें हलसी थानाध्यक्ष विजय कुमार अपने सहयोगी सिपाही ब्रजेश कुमार एवं चौकीदार योगेंद्र पासवान के साथ घायल हो गए। झड़प के क्रम में मतदान कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल के साथ बहरामा पहुंचे डीडीसी, एसडीएम तथा एस डी पी ओ ने प्रभावित मतदान कार्य को पुनः शुरू कराया। जहां के ग्रामीण ने झड़प मामले में बताया की पुलिस जवान के साथ आये थानाध्यक्ष विजय कुमार मतदान केंद्र पर उपस्थित मतदाता के लाइन को सीधा करने की बात कह ही रहे थे। इसी दौरान सिपाही ब्रजेश कुमार लाइन में खड़े मतदाताओं पर लाठी चार्ज कर दिया। जिससे सभी मतदाता अक्रोशित हो पुलिस बल पर टूट पड़े। जहां पहुंचे वरीय पदाधिकारियों द्वारा मतदान पुनः शुरु कराया गया। और घायल पुलिस को इलाज हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हलसी पहुंचाया। वहीं इस मामले में 5 ग्रामीणों के भी घायल होने की बात कह रहे हैं।




