:- रवि शंकर अमित!
आगामी सत्र में सभी भाजपा विधायक जनहित के मुद्दों को मजबूती से सदन में रखें—विजय कुमार सिन्हा।
संगठन के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर करें पूरा,
2024 में लोकसभा में सभी 40 सीट पर एन डी ए जीत तय,
29 जनवरी से जनता के संग भाजपा विधानमंडल दल के सदस्य करेंगे अयोध्या की यात्रा और रामलला का दर्शन।
पटना 19 जनवरी 2024
आज भाजपा विधानमंडल दल के नेता श्री विजय कुमार सिन्हा के सरकारी आवास 1 पोलो रोड पर भाजपा विधानमंडल दल की वैठक संपन्न हुई।बैठक में आगामी विधानसभा सत्र, संगठन की मजबूती, लोकसभा चुनाव एवं 29 जनवरी से जनता के संग विधायकों द्वारा अयोध्या की यात्रा सहित अन्य विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
बैठक को संबोधित करते हुए विधानमंडल दल के नेता श्री विजय कुमार सिन्हा ने विधायकों और विधान पार्षदों से आग्रह किया कि आगामी सत्र में जनहित के मुद्दों को वे मजबूती से सदन में उठायें। प्रश्न, शून्यकाल, ध्यानाकर्षण याचिका एवं निवेदन के जरिये वे सरकार की असफलता, अकर्मण्यता एवं कानून व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरें। उन्होंने विधायकों से सकारात्मक भूमिका निभाने एवं तात्कालिक मुद्दों पर सचेत रहने का भी आग्रह किया।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री सम्राट चौधरी ने विधायकों से संगठन के कार्य में तेजी लाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में सभी 40 सीटों पर एन.डी.ए की जीत तय है। लाभार्थी संपर्क अभियान, नव मतदाता सम्मलेन, केंद्र की योजनाओं का प्रचार-प्रसार, 24 जनवरी को कर्पूरी ठाकुर जयंती समारोह सहित अनेक बिन्दुओं पर उन्होंने विधायकों को जानकारी दी और उनकी सक्रिय भागीदारी की अपेक्षा की। संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया ने विधायकों से अनेक मुद्दों पर रु-ब-रु बात की और उनके सक्रिय समर्थन और उपलब्धि की इच्छा व्यक्त की।
श्री सिन्हा ने विधायकों को जानकारी दी कि 29 जनवरी से शुरू होकर अनेक आगे की तिथियों में विशेष रेल गाड़ी अयोध्या जायेगी। इसमें नेता प्रतिपक्ष के नेतृत्व में विधायक गण, पार्षद गण, उनके पारिवारिक सदस्य एवं क्षेत्र की जनता अयोध्या पहुंचकर भगवान् रामलला की पूजा अभिषेक करेंगे। उन्होंने सबों से बढ़चढ़ कर भाग लेने की अपील की।
बैठक में विधान परिषद् के नेता प्रतिपक्ष श्री हरि साहनी, पूर्व सभापति श्री अवधेश नारायण सिंह, मुख्य सचेतक श्री जनक सिंह, श्री दिलीप जायसवाल, श्री नन्द किशोर यादव, श्री प्रेम कुमार, श्रीमती रेणु देवी, श्री तार किशोर प्रसाद के अलावे अनेक विधायक एवं विधान पार्षद भी उपस्थित थे।




