रिपोर्ट – निभाष मोदी!
भागलपुर से इस वक्त की दर्दनाक खबर सामने आ रही है। लगातार हो रही बारिश ने एक मासूम बच्ची की जिंदगी छीन ली। गोराडीह थाना क्षेत्र के हज्जू डी खरबा गांव में देर रात कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से करीब छह साल की मासूम पूजा कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन आनन-फानन में बच्ची को इलाज के लिए मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 2 बजे की है। पूजा कुमारी अपने परिवार के साथ घर में सो रही थी। लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की दीवार पहले से ही कमजोर हो चुकी थी। रात के अंधेरे और सन्नाटे के बीच अचानक दीवार भरभराकर बच्ची के ऊपर जा गिरी।घर में मौजूद परिजनों को जैसे ही हादसे का पता चला, वहां चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में मलबा हटाकर बच्ची को बाहर निकाला गया। बच्ची की हालत गंभीर देख परिजन उसे लेकर भागलपुर के मायागंज अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी।बताया जा रहा है कि पूजा कुमारी की उम्र महज छह साल थी। वह रात में खाना खाने के बाद रोज की तरह सोने गई थी। परिवार को जरा भी अंदाजा नहीं था कि यह उसकी जिंदगी की आखिरी रात साबित होगी।बारिश के बीच आधी रात को हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। एक तरफ जहां परिवार मासूम की मौत से सदमे में है, वहीं इस घटना ने लगातार बारिश के बीच कमजोर और कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।हज्जू डी खरबा में हुई इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। छह साल की मासूम की मौत ने हर किसी को गमगीन कर दिया है।


