टिंकु कुमार

समस्तीपुर में लगातार हो रही बारिश के कारण पूरा शहर जलजमाव की समस्या से जूझ रहा है । पिछले एक महीने से जलजमाव की समस्या से परेशान लोगों का गुस्सा अब फूट पड़ा है । सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित लोगों ने समस्तीपुर ताजपुर पूसा मार्ग को भोला टॉकीज रेलवे गुमटी के पास जमकर जिला प्रशासन और नगर परिषद के खिलाफ नारेबाजी की। जलजमाव की समस्या को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि पिछले 1 महीने से शहर के लगभग आधा दर्जन वार्ड के लोग जलजमाव की समस्या को झेल रहे हैं। इसको लेकर उन लोगों के द्वारा बार-बार जिला प्रशासन और नगर परिषद के अधिकारियों से गुहार की जा रही है लेकिन अब तक उनकी समस्या का कोई निदान नहीं निकल सका है। प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग है कि शहर में पिछले कई वर्षों से लोग इस समस्या को झेल रहे हैं जिला प्रशासन और नगर परिषद के द्वारा करोड़ों रुपए खर्च कर सड़क और नाले का निर्माण जरूर कराया गया है लेकिन इससे लोगों को निजात नहीं मिल पा रहा है। पूरी की पूरी योजना भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जा रही है। नाराज लोग अविलंब जल निकासी और पिछले 3 वर्षों से नाली निर्माण में दोषी अधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं पिछले 3 घंटों से सड़क जाम के कारण शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह अस्त व्यस्त हो गई है इसे लोगों को काफी परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है।




