रिपोर्ट – आशुतोष पांडेय!
आरा : ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ देश भर में निकाली जा रही है जिसका उद्देश्य सरकार की प्रमुख योजनाओं में परिपूर्णता हासिल करना है और इसके तहत यह सुनिश्चित किया जाएगा कि इन योजनाओं का लाभ सभी लक्षित लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे। इस राष्ट्रीय अभियान के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आरा सांसद सह केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आर के सिंह को अहम ज़िम्मेदारी सौंपी है।
यह ज़िम्मेदारी है विभिन्न राज्यों का दौरा कर सरकार की इस पहल को जनसंपर्क के माध्यम से जनता तक पहुंचाना। पिछले सप्ताह वे बिहार में थे तो इस सप्ताह तमिलनाडु में लोगों के बीच मौजूद रहे।
शनिवार को आर के सिंह तमिलनाडु के शिवगंगा जिले के ओक्कुर गांव में विकसित भारत संकल्प यात्रा में शामिल हुये।
उन्होंने इस अवसर पर कहा, ” ‘मोदी की गारंटी वाली गाड़ी’ को लेकर देश भर के लोग उत्साहित हैं। शनिवार को तमिलनाडु के शिवगंगा जिले के ओक्कुर गांव का दृश्य ठीक ऐसा ही था जब माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने इन्टरनेट के माध्यम से विकसित भारत संकल्प यात्रा की शुरुआत की। यह यात्रा सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान है।
उत्साहित दर्शकों के साथ माननीय प्रधानमंत्री को सुनना एक खुशी की बात थी। इसके बाद हमने गांव के निवासियों को विकसित भारत की शपथ दिलाई और लक्षित लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ वितरित किए।”
यह पहली बार नहीं है जब आर के सिंह को प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार के काम को देश-विदेश के लोगों बीच रखने के लिए चुना है। जनवरी 2023 में आर के सिंह ने भारत का नेतृत्व स्विजरलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकनॉमिक फोरम में किया था। केंद्र सरकार के नौ साल पूरे होने पर उन्होंने इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र में सरकार के कार्यों को देश की जनता के सामने रखा था।
राजनीति में भी बीजेपी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आर के सिंह पर भरोसा दिखाते आए हैं। पिछले वर्ष हुए गुजरात चुनाव में आर के सिंह को चुनाव प्रचार के लिए गुजरात भेजा गया था।




