रिपोर्ट – पुरुषोत्तम कुमार!
मां नेतुला मंदिर से पूजा कर लौट रही दो किशोरियों को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत
धरसंडा मोड़ के समीप अहले सुबह हादसा, चालक ट्रक लेकर फरार; परिजनों में मचा कोहराम
सिकंदरा। सिकंदरा-नवादा मुख्य मार्ग पर धरसंडा मोड़ के समीप मंगलवार की अहले सुबह करीब 4:30 बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने दो किशोरियों को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सिकंदरा थाना क्षेत्र के पंचमहुआ गांव निवासी मनोज यादव की 13 वर्षीय पुत्री सुलेखा कुमारी और सकेंद्र यादव की 16 वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, शारदीय नवरात्र के अवसर पर दोनों किशोरियां कुमार गांव स्थित मां नेतुला मंदिर में पूजा-अर्चना करने गई थीं। पूजा के बाद मंगलवार की सुबह पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान नवादा की ओर से सिकंदरा की तरफ आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने धरसंडा मोड़ के पास दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। दोनों किशोरियों की मौत की खबर से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर सिकंदरा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। हादसे के बाद नवरात्र में पैदल आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।



