बिहार में पहली बार : कैबिनेट के फैसलों की जानकारी खुद सीएम सम्राट चौधरी ने दी, 24 प्रस्तावों पर लगी मुहर!

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार!


मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ही हमेशा मंत्रिपरिषद की बैठक होती है, लेकिन हर बार मीडिया से मुखातिब अमूमन कोई सीनियर IAS होते थे। आज बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी सीएम खुद ने दी।


शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन यानी सोमवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कैबिनेट की बैठक बुलाई। आमतौर पर वह बुधवार को कैबिनेट बैठक करते हैं लेकिन इस बार सोमवार को ही मंत्रिपरिषद की बैठक बुला ली गई। चौंकाने वाली बात यह है कि मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद सीएम सम्राट चौधरी खुद ही प्रेस वार्ता करने आ गए। आम तौर पर मंत्रिमंडल सचिवालय के अधिकारी यह प्रेस वार्ता करते हैं लेकिन आज सीएम ने खुद कैबिनेट के फैसलों की जानकारी दी। ऐसा पहली बार है जब मुख्यमंत्री बनने के बाद वह खुद कैबिनेट बैठक की जानकारी दे रहे हों।

इस बैठक में 24 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। इनमें से तीन महत्वपूर्ण बातों को सामने लाने के लिए सम्राट चौधरी खुद सामने आए। उनके संबोधन के शुरुआती दो प्रस्ताव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर थे।

पहला प्रस्ताव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर बधाई को लेकर था। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर बिहार मंत्रिमंडल परिषद ने उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया है।

दूसरा प्रस्ताव बिहार की डबल इंजन सरकार में प्रधानमंत्री के जरिए हो रहे विकास कार्यों के लिए उन्हें धन्यवाद दिया गया। सीएम ने कहा कि बिहार को विकसित भारत-2047 के निर्माण में अग्रणी भागीदार बनाने के लिए राज्य और केंद्र सरकार मिलकर काम करेंगी। बिहार को निवेश, रोजगार, उद्यमिता, नवाचार और सुशासन का प्रमुख केंद्र बनाने का संकल्प लिया गया।

उन्होंने कहा – “सात अक्टूबर का दिन भारतीय लोकतंत्र के लिए बहुत बड़ा दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन में सात अक्टूबर का विशेष महत्व है। सात अक्टूबर 2001 को वह गुजरात के मुख्यमंत्री बने और सात अक्टूबर 2014 को वह देश के प्रधानमंत्री बने।”

सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सत्ता को अधिकार के बजाय सेवा के माध्यम के रूप में देखा है। गरीब कल्याण, किसानों और वंचित वर्गों के सशक्तीकरण, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के लिए अवसर और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में वह काम कर रहे हैं।

इसके साथ ही कई अन्य फैसले भी आज कैबिनेट बैठक में लिए गए।

Join us on:

और पढ़ें