पोते ने दोस्तों के साथ दादा को घेरा, पैसे की डिमांड की फिर गोली मार दी!

SHARE:

प्रशान्त कुमार की रिपोर्ट

बेगूसराय में कलयुगी पोते ने बुजुर्ग दादा को गोली मार कर घायल कर दिया। गोली लगने से घायल 65 वर्षीय बुजुर्ग राम निरंजन सिंह को आनन फानन में प्राइवेट नर्सिंग होम में एडमिट कराया गया है। जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना नगर थाना क्षेत्र के 39 नंबर वार्ड की है। जहां पोखरिया मोहल्ले में इस घटना के बाद सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। गोली मारने के बाद पोता फरार हो गया है जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। परिजनों ने बताया कि 65 वर्षीय राम निरंजन सिंह पेशे से किसान हैं। वे चाय पीने के लिए चौक पर गये हुए थे। चाय पीने के बाद वो घर लौट रहे थे तभी चचेरे पोते ने अपने साथियों के साथ उन्हें रास्ते में घेर लिया और पैसे की डिमांड करने लगा। उनसे पैसे छीनने की कोशिश करने लगा जिसका बुजुर्ग ने विरोध किया तो उसने गोली मार दी। दादा को गोली मारने के बाद पोता और उसका दोस्त फरार हो गया। बुजुर्ग राम निरंजन सिंह को पैर में गोली लगी है। गोली लगने के बाद वे सड़क पर गिर गये जिसके बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल पुलिस आरोपी पोते की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

Join us on:

Leave a Comment