रिपोर्ट – शशिकांत मिश्रा
बड़हिया। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (10 बटालियन) में तैनात एक जवान की मौत की जानकारी से मंगलवार को नगर क्षेत्र में माहौल गमगीन रहा। जानकारी हो कि नगर के वार्ड संख्या 26 इंदुपुर निवासी चंद्रदेव सिंह उर्फ होली सिंह के पुत्र अजय सिंह (53) इन दिनों असम के करीमगंज में एएसआई के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा कि वे वर्ष 1991 से ही सीआरपीएफ में कार्यरत रहे। इस बीच करीब चार वर्षों तक आईबी के अंतर्गत सेवा देते हुए उनका मुंगेर में भी पदस्थापन रहा था। कार्य और देश सेवा के प्रति कर्तव्यनिष्ठ रहे अजय सिंह के हुए आकस्मिक मौत ने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया। उनके मौत के कारणों पर संशय बरकरार है। संदिग्द बताये जा रहे मौत को लेकर जांच टीम के द्वारा हर स्तर से छानवीन जारी है। पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि उनके शव को आज बुधवार की शाम तक पैतृक गांव बड़हिया इंदुपुर लाया जाएगा। मृतक अजय सिंह दो पुत्री और एक पुत्र अंकित के पिता थे। अंकित इन दिनों पटना में रहते हुए स्नातक तृतीय वर्ष का छात्र है। जवान के निधन की खबर से आहत उनकी विधवा पत्नी और संतान समेत स्वजनों के रोरोकर बुरे हाल रहे।




