अश्विनी श्रीवास्तव :

विद्युत तार की चपेट में आने से हुई मौत , घटना के बाद उठ रहे हैं कई सवाल !
बांका : बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के सिंहनान पंचायत अंतर्गत रामपुर गांव के एक बहियार से रजौन पुलिस ने वकील यादव नामक करीब 46 वर्षीय एक व्यक्ति का शव बरामद किया है। मृतक राजावर पंचायत के आजमतुल्ला गांव का रहने वाला था। रजौन पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम हेतु बाँका भेज दिया है। इधर वकील यादव की मौत अब भी संदेहास्पद बनी हुई है, हालांकि मृतक की पत्नी झूनी देवी ने रजौन थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए अपने पति के मौत का कारण विद्युत तार के चपेट में आने से होने की बात कही है। दर्ज प्राथमिकी में उसने कहा है कि उसका पति मजदूरी करने एक दिन पहले यानी 15 मई को ही घर से बाहर निकला था। रविवार की सुबह जब वह घर वापस नहीं लौटा तब उसे जानकारी मिली की रामपुर गांव के उमाकांत झा व उसके पुत्र पिन्टू झा के खेत पर उसका पति का शव पड़ा है। प्राथमिकी में उसने आरोप लगाया है कि उसने अपने खेत को करंट युक्त तार से घेर दिया था, जिससे विद्युत धारा प्रभावित तार की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद उठ रहे हैं कई सवाल—
बहरहाल अब सवाल यह उठ रहा है कि अपने घर से इतनी दूर वह किसके यहां कार्य करने गया था ? कहा तो यह भी जा रहा है कि मृतक वकील यादव रामपुर गांव के ही एक बालू माफिया का ट्रैक्टर चलाने का काम करता था। 15 मई की रात बालू माफिया की धरपकड़ को लेकर पुलिस की टीम भी गांव में दस्तक दी थी। इस दौरान ही वह वाहन छोड़कर संभवत भागा होगा ! भागने के दौरान वह अपने चप्पल को हाथ में लेकर खेत की दिशा की तरफ ही भागने लगा जिधर खेत को विधुत प्रभावित तार से घेर दिया गया था। पुलिस जब मृतक के शव को बरामद करने पहुंची तब उसके हाथ में चप्पल थे। इधर मृतक की पत्नी ने रामपुर गांव के ही उमाकांत झा व उसके पुत्र पिन्टू झा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें उसने कहा है कि अगर उसने अपने खेत को विधुत प्रभावित तार से नहीं घेरा होता तो उसके पति की जान नहीं जाती। बहरहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।