चाल चलन अच्छा रहा तो हट सकता है गुंडा पंजी से नाम – कैमूर पुलिस

SHARE:

कैमूर/भभुआ(ब्रजेश दुबे):

कार्यों में किसी तरह की कोताही नहीं बरतने का चौकीदारों को दिया गया निर्देश

गुरुवार को कैमूर जिले के सभी थानों में थानाध्यक्ष के द्वारा अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण, शांति व्यवस्था एवं पूर्ण शराबबंदी को लेकर चौकीदारी परेड एवं गुंडा परेड का आयोजन बारी-बारी से किया गया। चौकीदारी परेड के दौरान थाना क्षेत्र के फरारियों, वारंटियों एवं गुंडा पंजी में नामित अभियुक्तों के क्रिया प्रणाली पर नजर रखते हुए चिन्हित दिशा निर्देशों से चौकीदारों को अवगत कराया गया। चौकीदारों एवं दफादारो को अपने कार्य में किसी तरह की कोताही ना बरतने व समय से अपना काम सही ढंग से निपटाने एवं शराबबंदी कानून को सही ढंग से पालन करने हेतु क्षेत्र में विशेष नजर रखने का दिशा-निर्देश दिया गया। तत्पश्चात पुलिस गुंडा पंजी में दर्ज आरोपितों को नोटिसबाद थाना बुलाकर पूछताछ की गई, जो नहीं आ सके उनके परिजनों से उसके बारे में जानकारी ली गई। इस दौरान थाना अध्यक्ष के द्वारा दागी व्यक्तियों को सही तरीके से जीवन जीने की सलाह दी। उन्हें बताया गया किअच्छे चाल-चलन पर गुंडा पंजी से नाम हटाया भी जा सकता है। थानाध्यक्ष को अपराध के ग्राफ को कम करने के लिए असामाजिक तत्वों की पहचान कर गुंडा पंजी तैयार करने का निर्देश है। इस गुंडा पंजी में शराबी, शराब की तस्करी करने वाले, ब्लैक मेलर, मादक पदार्थों के तस्कर, महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले, कालाबाजारियों, दंगाइयों, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों, भोले-भाले छात्र-छात्राओं को भड़काने वाले, जुआरियों सहित बसों में बदमाशी करनेवालों का नाम शामिल है।

Join us on:

Leave a Comment