आरा/आशुतोष पाण्डेय!
एक सप्ताह से लापता 7 वर्षीय मासूम की बरामदगी को लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण, टायर जलाकर किया प्रदर्शन
पुलिस पर लापरवाही का आरोप, आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर की डीएम और एसपी को मौके पर बुलाने की मांग
भोजपुर जिले के आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बलुआं गांव के समीप एक मासूम बच्चे की गुमशुदगी को लेकर शनिवार को ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। करीब एक सप्ताह से लापता 7 वर्षीय मणि कुमार की बरामदगी की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। समाचार लिखे जाने तक आकोषित गांव के लोगों ने सड़क जाम किए हुए थे।
सड़क जाम के कारण दोनों ओर छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों की मांग थी कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं घटनास्थल पर पहुंचें तथा लापता बच्चे की जल्द से जल्द बरामदगी सुनिश्चित कराएं।
एक सप्ताह से लापता है मासूम
मिली जानकारी के अनुसार, मणि कुमार (उम्र करीब 5-7 वर्ष), पिता अमरजीत साह, निवासी बलुआं गांव, बेलघाट बलुआं, थाना आरा मुफस्सिल, जिला भोजपुर का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि बच्चा घर से निकलने के बाद लापता हो गया। परिजनों ने इसकी लिखित शिकायत मुफस्सिल थाने में दर्ज कराई थी। बच्चे के लापता हुए एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिलने से परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
मां का छलका दर्द, कहा- हमें हमारा बच्चा चाहिए
प्रदर्शन के दौरान लापता बच्चे की मां ने भावुक होते हुए पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उनका सात वर्षीय बच्चा घर से निकला था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल रहा है। घटना की शिकायत स्थानीय थाने में दर्ज कराने के बावजूद अब तक बच्चे की बरामदगी नहीं हो सकी है। मां का आरोप है कि पुलिस ने न तो गंभीरता से खोजबीन की और न ही अब तक परिजनों से समुचित पूछताछ की है।
बच्चे की मां ने भावुक अपील करते हुए कहा कि हमें कुछ नहीं चाहिए, बस हमारा बच्चा सुरक्षित वापस मिल जाए।
फिलहाल, मासूम की बरामदगी की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश जारी है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और मासूम मणि कुमार को कब तक सकुशल बरामद किया जा सकता है।



