कृषि विभाग द्वारा पौधा संरक्षण के लिये जिलास्तरीय मास्टर्स ट्रेनिंग!

SHARE:

पंकज कुमार जहानाबाद।

बिहार सरकार कृषि विभाग के निर्देशानुसार जिला पौधा संरक्षण कार्यालय जहानाबाद के द्वारा फसल सुरक्षा कार्यक्रम वर्ष 2022-23 रबी मौसम के अंतर्गत पौधा संरक्षण पाठशाला के कार्यान्वयन हेतु जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स का प्रथम एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन संयुक्त कृषि भवन काको रोड जहानाबाद के सभागार में किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जिला कृषि पदाधिकारी जहानाबाद संजय कुमार एवं सहायक निदेशक पौधा संरक्षण जहानाबाद राजीव कुमार रजक के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके किया गया। उनके द्वारा बताया गया कि उक्त किसान पाठशाला के संचालन हेतु मास्टर ट्रेनर्स का प्रमंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के उपरांत आज जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, इसके उपरांत दिनांक 28 दिसंबर 2022 को सभी प्रखंडों के प्रखंड मुख्यालयों में प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सभी मास्टर ट्रेनर्स अपने-अपने प्रखंडों में प्रखंड के सभी कृषि समन्वयक एवं सभी किसान सलाहकार को प्रशिक्षण देने का कार्य करेंगे। इसके तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी प्रशिक्षक प्रत्येक प्रखंड के 5-5 संचालित होने वाले पौधा संरक्षण पाठशालाओं में किसानों को प्रत्येक पाठशाला में 6 सत्र में प्रशिक्षण देने का कार्य करेंगे। प्रशिक्षक के रूप में पौधा संरक्षण निरीक्षक, जहानाबाद अनिल कुमार गौरव, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, मखदुमपुर श्रीमती अपर्णा सुधांशु, सहायक तकनीकी प्रबंधक प्रखंड मोदनगंज श्रीमती अंचला शर्मा, सहायक तकनीकी प्रबंधक प्रखंड हुलासगंज रौशन कुमार एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक प्रखंड घोसी अचिया प्रकाश के द्वारा प्रशिक्षण देने का कार्य किया गया। अनिल कुमार गौरव के द्वारा बताया गया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को फसल सुरक्षा प्रणालियों की जानकारी देना है तथा कम से कम रासायनिक दवाओं का उपयोग करके अधिक से अधिक जैविक दवाओं का प्रयोग करना है ताकि विष मुक्त फसल उत्पाद प्राप्त किया जा सके। उनके द्वारा बताया गया कि फसल उत्पादन प्रक्रिया में कीट एवं व्याधियों से बचने के लिए आई.पी.एम. तरीकों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों में सभी प्रखंडों के सहायक तकनीकी प्रबंधक उपस्थित थे। मौके पर उप परियोजना निदेशक आत्मा जहानाबाद राकेश कुमार, सहायक निदेशक रसायन मिट्टी जांच प्रयोगशाला जहानाबाद मो. गयासुद्दीन, पौधा संरक्षण पर्यवेक्षक जहानाबाद लाल बहादुर प्रसाद आदि उपस्थित थे।

Join us on:

Leave a Comment