रिपोर्ट अनमोल कुमार
पटना : एक तरफ बिहार में पूर्ण शराबबंदी और जहरीली शराब से बड़ी संख्या में मौतों से सियासत गर्म है वहीं, पटना आइजीआइएमएस की इमरजेंसी के बाहर शनिवार की रात करीब 11 बजे वन्य एवं पर्यावरण मंत्री तेजप्रताप यादव की गाड़ी में एक स्कार्पियो ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने नशे में धुत स्कार्पियो सवार युवक की धुनाई कर दी। घटना की सूचना मिलते ही शास्त्रीनगर के थानेदार रमाशंकर सिंह और डीएसपी विधि व्यवस्था संजय कुमार भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस आरोपित स्कार्पियो चालक को थाने लेकर गई, जहां ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर शराब पीने की पुष्टि हुई। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। चालक की पहचान राजाबाजार निवासी अजीत कुमार के रूप में हुई है। उसके वाहन को भी जब्त कर लिया गया। पुलिस नशे में धुत चालक से पूछताछ कर रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, मंत्री तेज प्रताप यादव किसी काम से आइजीआइएमएस में आए हुए थे। वे अंदर गए थे और उनकी गाड़ी इमरजेंसी वार्ड के बाहर खड़ी थी। कुछ देर बाद मंत्री वार्ड से बाहर निकल रहे थे। इस दौरान उनके अंगरक्षक गाड़ी को घुमाने का प्रयास कर रहे थे। तभी पीछे से एक स्कार्पियो आकर खड़ी हो गई। यह देख अंगरक्षकों ने उस वाहन चालक से गाड़ी को पीछे करने को कहा, लेकिन चालक ने तेजी से आगे बढ़ाते हुए मंत्री के वाहन में टक्कर मार दी। हालांकि, दुर्घटना में कोई जख्मी नहीं हुआ।




