साल 2022 में हर क्षेत्र में रहा भारत का दबदबा : पीएम मोदी!

SHARE:

रिपोर्ट अनमोल कुमार

कई मायनों में बहुत ही प्रेरक और अद्भुत रहा 2022 *मन की बात*

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वर्ष 2022 के अंतिम 'मन की बात' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूरे साल की घटनाओं पर चर्चा किया और कहा कि हमें इसके साथ ही भविष्य की तैयारी करनी चाहिए। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि साल 2022 में हर क्षेत्र में भारत का दबदबा रहा। यह वर्ष ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना का विस्तार की वजह से याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अतीत का अवलोकन तो हमेशा हमें वर्तमान और भविष्य की तैयारियों की प्रेरणा देता है। 2022 में देश के लोगों का सामर्थ्य, उनका सहयोग, उनका संकल्प, उनकी सफलता का विस्तार इतना ज्यादा रहा कि ‘मन की बात’ में सभी को समेटना मुश्किल होगा। क्रिसमस और पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेई की जयंती पर प्रसारित यह एपिसोड पीएम मोदी के मन की बात का 96वां संस्करण है। पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 2022 वाकई कई मायनों में बहुत ही प्रेरक रहा, अद्भुत रहा। इस साल भारत ने अपनी आजादी के 75 वर्ष पूरे किए और इसी वर्ष अमृतकाल का प्रारंभ हुआ। इस साल देश ने नई रफ्तार पकड़ी और सभी देशवासियों ने एक से बढ़कर एक काम किए।

साल 2022 यानी सफलताएं
पीएम ने कहा कि साल 2022 की विभिन्न सफलताओं ने आज पूरे विश्व में भारत के लिए एक विशेष स्थान बनाया है। 2022 यानी भारत द्वारा दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का मुकाम हासिल करना। 2022 यानी भारत द्वारा 220 करोड़ वैक्सीन का अविश्वसनीय आंकड़ा पारने का रिकॉर्ड, भारत द्वारा निर्यात का 400 बिलियन डॉलर का जादुई आंकड़ा पार कर जाना।2022 अर्थात देश के जन-जन द्वारा ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को अपनाना और जी कर दिखाना। 2022 यानी भारत के पहले स्वदेशी एयरक्राफ्ट कैरियर आईएनएस विक्रांत का स्वागत. 2022 यानी स्पेस, ड्रोन और डिफेंस सेक्टर में भारत परचम। 2022 मतलब हर क्षेत्र में भारत का दमखम। खेल के मैदान में भी, चाहे कॉमनवेल्थ गेम्स हो या हमारी महिला हॉकी टीम की जीत हमारे युवाओं ने जबरदस्त सामर्थ्य दिखाया।
G-20 की अध्यक्षता का जिक्र
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस साल भारत को G-20 समूह की अध्यक्षता की जिम्मेदारी भी मिली है। मैंने पिछली बार इस पर विस्तार से चर्चा भी की थी। साल 2023 में हमें G-20 के उत्साह को नई ऊंचाई पर लेकर जाना है, इस आयोजन को एक जन-आंदोलन बनाना है।
क्रिसमस की शुभकामनाएं
पीएम मोदी ने क्रिसमस की शुभकामनाएं दी और कहा कि आज दुनियाभर में धूमधाम से क्रिसमस का त्योहार भी मनाया जा रहा है। ये जीसस के जीवन, उनकी शिक्षाओं को याद करने का दिन है। मैं आप सभी को क्रिसमस की ढेर सारी शुभकामनाएं देता हूं।
कोरोना पर किया सचेत
प्रधानमंत्री ने लोगों को कोरोना को लेकर सचेत किया। उन्होंने कहा कि आप भी देख रहे हैं कि दुनिया के कई देशों में कोरोना बढ़ रहा है। हमें, मास्क और हाथ धुलने जैसी सावधानियों का और ज्यादा ध्यान रखना है। हम सावधान रहेंगे तो सुरक्षित भी रहेंगे और हमारे उल्लास में कोई रूकावट भी नहीं पड़ेगी।
‘हर घर तिरंगा’ ने लिखा एक और अमर इतिहास
पीएम मोदी ने कहा कि 2022 में देशवासियों ने एक और अमर इतिहास लिखा है। अगस्त के महीने में चला ‘हर घर तिरंगा’ अभियान भला कौन भूल सकता है। वो पल थे हर देशवासी के रौंगटे खड़े हो जाते थे। आजादी के 75 वर्ष के इस अभियान में पूरा देश तिरंगामय हो गया। 6 करोड़ से ज्यादा लोगो ने तो तिरंगे के साथ सेल्फी भी भेजीं। आजादी का ये अमृत महोत्सव अभी अगले साल भी ऐसे ही चलेगा और अमृतकाल की नींव को और मजबूत करेगा।
हर भारतवासी के ह्रदय में वाजपेयी के लिए खास स्थान
पीएम नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। उन्होंने कहा कि आज हम सभी के श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी का जन्मदिन है। वे एक महान राजनेता थे, जिन्होने देश को असाधारण नेतृत्व दिया। हर भारतवासी के ह्रदय में उनके लिए एक खास स्थान है। उन्होंने आगे कहा कि मुझे कोलकाता से आस्था जी का एक पत्र मिला है। पत्र में उन्होंने हाल की अपनी दिल्ली यात्रा का जिक्र किया है। वे लिखती हैं कि इस दौरान उन्होंने पीएम म्यूजियम देखने के लिए समय निकाला, जहां उन्हें अटल जी की गैलरी खूब पसंद आई।

Join us on:

Leave a Comment