पंकज कुमार जहानाबाद।
समाहरणालय अवस्थित ग्राम प्लेक्स भवन में जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक दीपक रंजन की संयुक्त अध्यक्षता में विभिन्न पूजा समिति एवं शांति समिति के सदस्यगणों के साथ बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में दुर्गा पूजा को शांतिपूर्वक संपन्न करने हेतु अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि पंडाल अधिष्ठापन हेतु अनुमति अनिवार्य है। अतः एक से दो दिनों के भीतर अनुज्ञप्ति हेतु आवेदन आवेदन कर दें ताकि ससमय अनुज्ञप्ति निर्गत किया जा सके। सभी पूजा पंडालों में फायर इक्सटिंग्युशर की व्यवस्था सुनिश्चित कर लें तथा सीसीटीवी का संस्थापन निश्चित रुप से करें। पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि पूजा पंडालों का फायर ऑडिट किया जाना है, अतः सभी पूजा पंडालों में फायर इक्सटिंग्युशर की व्यवस्था सुनिश्चित कर लें। असामाजिक/ शरारती तत्वों पर पैनी नजर रखने हेतु ड्रोन की व्यवस्था की जाएगी। अश्लील और भड़काऊ गाने बजाने पर कार्रवाई की जाएगी। एनजीटी के नियमों का अनुपालन कराना सुनिश्चित करें। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि आवश्यकतानुसार रूट का बायफर्केश्न/ डिवीजन कराना सुनिश्चित करेंगे।
जिला पदाधिकारी द्वारा सभी पूजा पंडालों में पब्लिक अडरेस सिस्टम को सुव्यवस्थित रखने का अपील किया गया ताकि जिला प्रशासन द्वारा कार्यान्वित नियंत्रण कक्ष की सूचनाओं को ससमय संसूचित किया जा सके।
पूजा समिति एवं शांति समिति द्वारा नगर परिषद कार्यालय में पूर्व से उपलब्ध चलंत शौचालयों का सुचारू क्रियान्वयन एवं डिलक्स शौचालयों की सफाई कराने का अनुरोध किया गया। विभिन्न पूजा समितियों द्वारा जिला प्रशासन से बांस की बैरिकेडिंग, ब्लेड मारने वाले तथा कुछ उद्दंड बाइकर्स जैसे असमाजिक तत्वों पर नियंत्रण एवं कार्रवाई, सड़कों की साफ सफाई एवं अन्य मांग रखी गयी।
पूजा समितियों द्वारा 6 अक्टूबर को संध्या 06 बजे से 7 अक्टूबर के पूर्वाहन तक शहरी क्षेत्र में विसर्जन करने का प्रस्ताव दिया गया।
उक्त बैठक में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महोदय के साथ-साथ अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद तथा विभिन्न पूजा समिति एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।




