रिपोर्ट -अनमोल कुमार!
पटना : अपने ऊपर दुष्कर्म के आरोप लगने पर बिहार के पूर्व सीएम जीतनराम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रवक्ता दानिश रिजवान ने पद से इस्तीफा दे दिया है। दानिश पर एक आदिवासी महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था। इस मामले में उसने 14 सितंबर को पटना के सचिवालय थाने में FIR दर्ज कराई थी। महिला का आरोप है कि एक 11 साल पहले दानिश रिजवान ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। हालांकि पार्टी ने अब तक उनके इस्तीफे पर कोई फैसला नहीं लिया है। हम के अध्यक्ष संतोष सुमन ने कहा कि दानिश रिजवान के मामले में कानून अपना काम करेगा। अगर वह दोषी होंगे तो कानून अपना रास्ता तय करेगा और निर्दोष होंगे तो उनका कुछ भी नहीं बिगड़ने वाला। उन्होंने कहा कि नैतिकता के आधार पर दानिश रिजवान ने आरोप लगने के तत्काल बाद अपना इस्तीफा भेज दिया था। बता दें कि झारखंड की रहने वाली एक अनुसूचित जनजाति की महिला ने सचिवालय थाने में हम के प्रवक्ता दानिश रिजवान पर रेप का आराेप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। उसे 10 साल का एक बेटा है। उसका दावा है कि 11 साल पहले सचिवालय थाना क्षेत्र में उसके साथ दुष्कर्म हुआ था और उसका बेटे का पिता दानिश ही हैं।




