रिपोर्ट – मृणाल गोस्वामी!
बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने मंगलवार को किशनगंज में शिक्षा विभाग की अधिकारी रूबी कुमारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है। रूबी कुमारी शिक्षा विभाग के सर्व शिक्षा अभियान में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) के पद पर कार्यरत हैं।
जानकारी के अनुसार, आर्थिक अपराध इकाई की टीम आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में यह कार्रवाई कर रही है। बताया जा रहा है कि अधिकारी द्वारा बड़े पैमाने पर संपत्ति अर्जित किए जाने की सूचना के बाद जांच एजेंसी ने उनके विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की है।विभाग के डीएसपी मोहम्मद जनीफुद्दीन ने बताया कि चार ठिकानो पर छापेमारी की जा रही है ।उन्होंने कहा कि 80% आय से अधिक संपत्ति का पूरा मामला है और फिलहाल जांच की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, किशनगंज के अलावा कटिहार अन्य स्थानों पर भी जांच एजेंसी की टीमें पहुंचकर तलाशी अभियान चला रही हैं। छापेमारी के दौरान संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों, निवेश और अन्य वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड की जांच किए जाने की संभावना है।
आर्थिक अपराध इकाई की इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। फिलहाल छापेमारी जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही बरामद दस्तावेजों, संपत्ति के ब्योरे और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।



